जिस घर को बनाने में जिंदगी भर की कमाई लगा दी, उसी घर से बाहर रहने का दर्द कितना बड़ा होगा, इसका अंदाजा आगरा के एक बुजुर्ग दंपती के वायरल वीडियो से लगाया जा सकता है. वीडियो में करीब 70 साल के राम बिलास कटारा अपनी पत्नी के साथ मदद की गुहार लगाते नजर आ रहे हैं. बुजुर्ग का आरोप है कि उनके बेटे और बहू ने उन्हें उनके ही घर से बाहर कर दिया. दंपती का दावा है कि उन्होंने करीब 75 लाख रुपये खर्च करके यह घर बनवाया था. उनका कहना है कि जनवरी 2022 में बेटे और बहू ने उन्हें घर से बाहर कर दिया, जिसके बाद से वे किराये के मकान में रहने को मजबूर हैं. बुजुर्ग का कहना है कि वह कई साल से अपनी बात अधिकारियों तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई.
वीडियो में रोती दिखीं बुजुर्ग महिला
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बुजुर्ग दंपती काफी परेशान नजर आ रहे हैं. बुजुर्ग दंपती अपनी परेशानी बताते हुए लोगों से मदद की अपील करते हैं, जबकि उनकी पत्नी रोती हुई दिखाई देती हैं. बुजुर्ग का आरोप है कि उन्होंने इस मामले को लेकर कई बार अधिकारियों से संपर्क किया और सोशल मीडिया पर भी अपनी बात रखी. उनका कहना है कि करीब पांच साल से वह न्याय की उम्मीद कर रहे हैं. उन्होंने अपने बेटे को लेकर भी काफी नाराजगी जताई और कहा कि उनके साथ जो हुआ, उसके लिए बेटे और बहू के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.
वीडियो वायरल होने के बाद आगरा पुलिस ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी. पुलिस के मुताबिक, मामला परिवार की संपत्ति के मालिकाना हक और बंटवारे से जुड़ा हुआ है. आगरा पुलिस कमिश्नरेट के मुताबिक, मलपुरा थाना पुलिस की जांच में सामने आया कि बुजुर्ग ने अपने बड़े बेटे और बहू के खिलाफ घर में अपने हिस्से को लेकर शिकायत की थी. पुलिस ने बताया कि विवादित मकान बहू के नाम पर दर्ज है और संपत्ति के बंटवारे का मामला फिलहाल अदालत में चल रहा है. यानी सोशल मीडिया पर जिस मामले को बुजुर्ग माता-पिता को बेटे और बहू द्वारा घर से निकालने के तौर पर देखा जा रहा है, पुलिस के मुताबिक उसके पीछे संपत्ति के मालिकाना हक और बंटवारे का कानूनी विवाद भी है.
2022 से चल रहा है विवाद
बुजुर्ग कपल के मुताबिक, जनवरी 2022 में उन्हें घर से बाहर किया गया था. इसके बाद उन्हें किराये के मकान में रहना पड़ा. उन्होंने दावा किया कि इतने सालों में उन्होंने कई बार अपनी बात अधिकारियों के सामने रखी. वहीं पुलिस का कहना है कि मामला अदालत में विचाराधीन है. पुलिस ने यह भी कहा है कि मामले की निगरानी की जा रही है और आगे की कार्रवाई नियमों के अनुसार की जाएगी. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग बुजुर्ग दंपती के समर्थन में नजर आए. कई लोगों ने कहा कि बुजुर्ग माता-पिता को अपने ही घर और परिवार को लेकर इस तरह परेशान नहीं होना चाहिए. बुजुर्ग दंपती ने बेटे और बहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं, लेकिन पुलिस के मुताबिक मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा है और अदालत में लंबित है. फिलहाल इस मामले में आगे की तस्वीर कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही साफ होगी
aajtak.in