Monsoon Destinations in India: मानसून के मौसम में घूमने-फिरने का अपना अलग ही मजा होता है. इस दौरान झीलें, नदियां और हरियाली से घिरी जगहें और भी खूबसूरत नजर आने लगती हैं. अगर इस मानसून आप भी कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं और भीड़भाड़ वाले हिल स्टेशनों की बजाय किसी अलग और यादगार डेस्टिनेशन की तलाश में हैं तो भारत के फ्लोटिंग विलेज और नदी-झीलों के बीच बसे द्वीप आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन हो सकते हैं.
यहां आपको प्राकृतिक खूबसूरती, सुकून भरा माहौल और स्थानीय संस्कृति को करीब से देखने का मौका मिलेगा. आइए जानते हैं भारत के कुछ ऐसे खूबसूरत फ्लोटिंग विलेज और आइलैंड्स के बारे में, जिन्हें मानसून में जरूर एक्सप्लोर करना चाहिए.
कदमक्कुडी आइलैंड्स (केरल)
केरल के बैकवॉटर्स में बसे कदमक्कुडी आइलैंड्स छोटे-छोटे गांवों का खूबसूरत समूह हैं. चारों ओर फैले नारियल के पेड़, धान के खेत और शांत जलमार्ग इसकी खूबसूरती बढ़ाते हैं. यहां आप गांव की सादगी भरी जिंदगी, मछुआरों की दिनचर्या और होमस्टे का अनुभव ले सकते हैं.
लोकटक झील के फ्लोटिंग विलेज (मणिपुर)
मणिपुर की लोकटक झील पूर्वोत्तर भारत की सबसे बड़ी मीठे पानी की झील है. यह अपनी तैरती हुई 'फुमदी' (घास और वनस्पति से बने तैरते द्वीप) और दुनिया के इकलौते फ्लोटिंग नेशनल पार्क के लिए मशहूर है. यहां रहने वाले लोग मछली पकड़ने और खेती पर निर्भर रहते हैं.
डल झील के हाउसबोट विलेज (जम्मू-कश्मीर)
डल झील के खूबसूरत हाउसबोट्स कश्मीर की पहचान हैं. झील में तैरते लकड़ी के घर, शिकारा की सैर और फ्लोटिंग मार्केट यहां आने वाले पर्यटकों के लिए खास आकर्षण हैं. मानसून में यहां का नजारा और भी मनमोहक हो जाता है.
मुनरो आइलैंड (केरल)
केरल के कोल्लम जिले में स्थित मुनरो आइलैंड अष्टमुडी झील और कल्लदा नदी के संगम पर बसा है. बैकवॉटर क्रूज, हरियाली और शांत वातावरण इसे प्रकृति प्रेमियों के लिए खास बनाते हैं.
पुलिकट झील का फ्लोटिंग विलेज (तमिलनाडु)
भारत की दूसरी सबसे बड़ी लैगून पुलिकट झील अपने मछुआरा समुदाय और प्रवासी पक्षियों के लिए जानी जाती है. चेन्नई के पास स्थित यह जगह मानसून के दौरान और भी खूबसूरत दिखाई देती है.
माजुली (असम)
ब्रह्मपुत्र नदी के बीच बसा माजुली दुनिया के सबसे बड़े आबाद नदी द्वीपों में से एक है. यहां की प्राकृतिक सुंदरता, पारंपरिक बांस के घर और असम की समृद्ध संस्कृति पर्यटकों को खास अनुभव देती है.
चिल्का झील का फ्लोटिंग विलेज (ओडिशा)
भारत की सबसे बड़ी खारे पानी की झील चिल्का अपने तैरते गांवों, छोटे-छोटे द्वीपों और विशाल वेटलैंड्स के लिए प्रसिद्ध है. मानसून के दौरान यहां का नजारा बेहद आकर्षक हो जाता है. यह जगह खासतौर पर प्रकृति और पक्षी प्रेमियों को खूब पसंद आती है.
मानसून ट्रिप पर जाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क