Chail Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश का नाम आते ही ज्यादातर लोगों के मन में शिमला, मनाली और धर्मशाला जैसी जगहों का ख्याल आता है. लेकिन आप पहाड़ों के बीच शांति और सुकून के कुछ पल बिताना चाहते हैं तो चैल घूमने का प्लान बना सकते हैं. यह खूबसूरत हिल स्टेशन देवदार और चीड़ के घने जंगलों, हरी-भरी पहाड़ियों और शानदार वादियों से घिरा हुआ है.
शिमला और मनाली जैसी फेमस जगहों के मुकाबले चैल में कम भीड़ देखने को मिलती है. यहां का शांत माहौल, ठंडी हवा और पहाड़ों के खूबसूरत नजारे आपका मन खुश कर देंगे. समुद्र तल से लगभग 2,000 मीटर से ज्यादा की ऊंचाई पर स्थित यह जगह उन लोगों के लिए अच्छी है जो शहर की भागदौड़ से दूर कुछ समय प्रकृति के बीच बिताना चाहते हैं.
चैल में घूमने के लिए हैं कई खूबसूरत जगहें
चैल में आपको मंदिर, जंगल, नदी किनारे बने कैफे और स्थानीय बाजार देखने को मिलेंगे. अगर आप प्रकृति के करीब समय बिताना चाहते हैं या किसी शांत जगह पर छुट्टियां मनाना चाहते हैं तो यहां घूमने के लिए कई जगहें हैं. वीकेंड पर छोटी ट्रिप हो या कुछ दिनों की छुट्टी, चैल आपको पहाड़ों के बीच सुकून भरा समय बिताने का मौका देता है.
चैल घूमने के लिए मार्च से जून और सितंबर से नवंबर तक का समय अच्छा माना जाता है. गर्मियों में यहां का मौसम सुहावना रहता है और आप आराम से पहाड़ों, जंगलों और खूबसूरत वादियों का आनंद ले सकते हैं. वहीं, सितंबर से नवंबर के बीच बारिश के बाद यहां की हरियाली और पहाड़ों के नजारे बेहद खूबसूरत दिखाई देते हैं.
सितंबर से नवंबर के बीच मौसम साफ रहने की वजह से यहां घूमने का अनुभव और भी अच्छा हो सकता है. अगर आप बर्फबारी देखना चाहते हैं तो दिसंबर से फरवरी के बीच जा सकते हैं. हालांकि, सर्दियों में यहां काफी ठंड पड़ती है, इसलिए गर्म कपड़े साथ रखना जरूरी है.
हिमाचल प्रदेश के चैल तक सड़क, ट्रेन और हवाई मार्ग से पहुंचा जा सकता है. हालांकि, चैल में न तो रेलवे स्टेशन है और न ही एयरपोर्ट. यहां पहुंचने के लिए आपको आसपास के शहरों से सड़क मार्ग का सहारा लेना होगा.
सड़क मार्ग से: दिल्ली से चैल की दूरी करीब 350 किलोमीटर है. आप अपनी कार या बस से यहां पहुंच सकते हैं. शिमला से चैल लगभग 45-49 किलोमीटर और सोलन से करीब 38 किलोमीटर दूर है. शिमला या सोलन से टैक्सी और बस की सुविधा मिल जाती है.
ट्रेन से: चैल का सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन कंडाघाट है. यह कालका-शिमला टॉय ट्रेन रूट पर स्थित है और चैल से लगभग 25-30 किलोमीटर दूर है. आप कालका से टॉय ट्रेन लेकर कंडाघाट पहुंच सकते हैं. इसके बाद टैक्सी या स्थानीय बस से चैल जा सकते हैं.
हवाई मार्ग से: चैल का सबसे नजदीकी प्रमुख एयरपोर्ट चंडीगढ़ में है जो यहां से लगभग 110-120 किलोमीटर दूर है. यहां से टैक्सी लेकर चैल पहुंच सकते हैं. शिमला के जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट का ऑप्शन भी है लेकिन वहां उड़ानों की उपलब्धता सीमित रहती है.
दिल्ली से जाने वालों के लिए: अगर आप दिल्ली से चैल जाने का प्लान बना रहे हैं तो बाय रोड जा सकते हैं. अपनी कार से लगभघ 8-9 घंटे का सफर तय करके यहां पहुंच सकते हैं. पहाड़ी रास्तों पर मौसम और ट्रैफिक के हिसाब से यात्रा का समय बदल सकता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क