पूरे हफ्ते की भागदौड़ और ऑफिस के स्ट्रेस के बाद हर कोई वीकेंड पर ऐसी जगह जाना चाहता है, जहां कुछ सुकून के पल बिताए जा सकें. अगर आप भी दिल्ली की भीड़भाड़ और शोर-शराबे से दूर किसी शांत और खूबसूरत जगह की तलाश में हैं तो आपके लिए कई बेहतरीन डेस्टिनेशन मौजूद हैं. खास बात यह है कि इन जगहों तक आप महज कुछ घंटों में पहुंच सकते हैं और कम बजट में यादगार ट्रिप का आनंद ले सकते हैं. आइए जानते हैं दिल्ली के आसपास मौजूद कुछ शानदार वीकेंड डेस्टिनेशन्स के बारे में.
हिमाचल प्रदेश का कसौली
अगर आप पहाड़ों की शांत वादियों में कुछ दिन बिताना चाहते हैं तो कसौली आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. देवदार और चीड़ के पेड़ों से घिरा यह छोटा-सा हिल स्टेशन नेचर लवर्स को खूब पसंद आता है. यहां का शांत वातावरण, खूबसूरत नजारे और सुहावना मौसम पर्यटकों को बार-बार यहां आने के लिए मजबूर कर देता है. यहां ठहरने के लिए आपको 1000 रुपये से होटल मिल सकते हैं. कसौली का नजदीकी रेलवे स्टेशन कालका है, जहां से बस और टैक्सी आसानी से मिल जाती है.
हिमाचल प्रदेश का मैक्लोडगंज
धर्मशाला के पास स्थित मैक्लोडगंज हिमाचल प्रदेश के सबसे फेमस हिल स्टेशनों में से एक है. यह जगह ट्रैकिंग, कैफे कल्चर और तिब्बती संस्कृति के लिए जानी जाती है. यहां आप नामग्याल मठ, भागसूनाग झरना और त्रियुंड ट्रेक का आनंद ले सकते हैं. दिल्ली और चंडीगढ़ से धर्मशाला के लिए सीधी बसें उपलब्ध हैं, जहां से टैक्सी या शेयर कैब लेकर मैक्लोडगंज पहुंचा जा सकता है. यहां आप किराए पर स्कूटी या बाइक लेकर भी आसपास की जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं.
हिमाचल प्रदेश का चैल
समुद्र तल से लगभग 2,250 मीटर की ऊंचाई पर स्थित चैल अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के लिए मशहूर है. चीड़ और देवदार के घने जंगलों से घिरा यह हिल स्टेशन भीड़भाड़ से दूर सुकून भरा वीकेंड बिताने के लिए एकदम सही है. यहां ठहरने के लिए गेस्ट हाउस और होटल 1000 रुपये से मिलना शुरू हो जाते हैं. चैल सड़क मार्ग से दिल्ली, शिमला और चंडीगढ़ से अच्छी तरह जुड़ा हुआ है.
उत्तराखंड का लैंसडाउन
अगर आप कम भीड़भाड़ वाली जगह की तलाश में हैं, तो उत्तराखंड का लैंसडाउन एक शानदार विकल्प हो सकता है. यह खूबसूरत हिल स्टेशन दो दिन की छोटी ट्रिप के लिए बिल्कुल परफेक्ट है. यहां सेंट मेरी एंड जॉन चर्च, भुल्ला ताल झील और टिप-इन-टॉप पॉइंट पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं. शाम के समय यहां का सूर्यास्त देखने का अनुभव बेहद खास होता है. यहां आपको 1000 से 1500 रुपये के बीच अच्छे बजट होटल आसानी से मिल जाएंगे.
राजस्थान का सरिस्का टाइगर रिजर्व
दिल्ली से लगभग 200 किलोमीटर दूर राजस्थान के अलवर में स्थित सरिस्का टाइगर रिजर्व वाइल्डलाइफ और नेचर लवर्स के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है. यहां आप जंगल सफारी का रोमांच उठा सकते हैं और बाघ, तेंदुआ, सांभर, नीलगाय समेत कई वन्यजीवों को करीब से देख सकते हैं. यहां ठहरने के लिए आपको 2500 रुपये से रिसॉर्ट आसानी से मिल जाएगा. दिल्ली से यहां पहुंचने में करीब 3 से 4 घंटे का समय लगता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क