Best places to visit in Uttarakhand: अगर आप शहर की भागदौड़ और रोजाना की बिजी लाइफ से कुछ दिन का ब्रेक लेना चाहते हैं तो उत्तराखंड आपके लिए एक बेहतरीन डेस्टिनेशन साबित हो सकता है. यहां की बर्फ से ढकी पहाड़ियां, हरे-भरे जंगल, झरने और शांत वातावरण हर किसी का दिल जीत लेते हैं. उत्तराखंड में कई ऐसी जगहें हैं जो प्राकृतिक सुंदरता और एडवेंचर का शानदार अनुभव देती हैं. आइए जानते हैं उत्तराखंड की कुछ ऐसी ही खूबसूरत जगहों के बारे में, जहां आप परिवार या दोस्तों के साथ घूमने का प्लान बना सकते हैं.
फूलों की घाटी
उत्तराखंड की सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है फूलों की घाटी. नेचर लवर्स के लिए यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं है. हेमकुंड साहिब के पास स्थित यह घाटी रंग-बिरंगे फूलों से सजी रहती है. ट्रेकिंग पसंद करने वालों के लिए भी यह एक शानदार जगह है. यह घाटी हर साल 1 जून से अक्टूबर तक पर्यटकों के लिए खुलती है.
ऋषिकेश और हरिद्वार
ऋषिकेश और हरिद्वार उत्तराखंड के सबसे फेमस पर्यटन स्थलों में गिने जाते हैं. ऋषिकेश को देश की एडवेंचर कैपिटल कहा जाता है, जबकि हरिद्वार अपनी धार्मिक आस्था के लिए दुनियाभर में जाना जाता है. यहां रिवर राफ्टिंग, कैंपिंग और गंगा आरती का आनंद लिया जा सकता है. मानसून छोड़कर यहां साल में कभी भी घूमने जा सकते हैं.
पौड़ी गढ़वाल
अगर आप खूबसूरत सनसेट देखना चाहते हैं तो पौड़ी गढ़वाल जरूर जाएं. यह जगह अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के लिए जानी जाती है. यहां से हिमालय की चोटियों का मनमोहक नजारा भी देखा जा सकता है.
देहरादून और मसूरी
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून और 'पहाड़ों की रानी' कहलाने वाली मसूरी पर्यटकों की पहली पसंद मानी जाती हैं. देहरादून की हरियाली और मसूरी के खूबसूरत नजारे हर साल बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. मानसून के अलावा यहां कभी भी आ सकते हैं.
मुनस्यारी
हिमालय की गोद में बसा मुनस्यारी बर्फ से ढकी चोटियों के शानदार नजारों के लिए मशहूर है. ट्रेकिंग और बाइकिंग के शौकीनों के लिए यह जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं है. यहां घूमने का बेस्ट समय जुलाई से नवंबर का है.
हरसिल
भागीरथी नदी के किनारे बसा हरसिल अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जाना जाता है. हरी-भरी पहाड़ियों से घिरा यह छोटा-सा शहर बेहद शांत और खूबसूरत है.
चोपता
चोपता उत्तराखंड का एक बेहद खूबसूरत और शांत हिल स्टेशन है. यह तुंगनाथ और चंद्रशिला ट्रेक का बेस प्वाइंट भी माना जाता है. बर्फबारी का आनंद लेने के लिए सर्दियों में यहां घूमने का प्लान बना सकते हैं.
लैंसडाउन
लैंसडाउन अपने शांत वातावरण और प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है. अगर आप भीड़भाड़ से दूर कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं तो यह जगह आपके लिए परफेक्ट है.
चकराता
चकराता एक छोटा लेकिन बेहद खूबसूरत हिल स्टेशन है. यह जगह शांति पसंद लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है. यहां आप साल के किसी भी समय घूमने जा सकते हैं.
टिहरी
न्यू टिहरी उत्तराखंड की उन जगहों में शामिल है, जिनकी खूबसूरती के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं. ऊंचे पहाड़, झील और शांत माहौल इसे गर्मियों की छुट्टियां बिताने के लिए शानदार डेस्टिनेशन बनाते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क