दिवाली के त्योहार पर हर कोई अपने घर के बाहर या बालकनी में रंग-बिरंगी और चमकने वाली लाइट लगाकर घर सजाता है. लेकिन लाइट खरीदने में की गई छोटी-सी गलती भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है.
खराब क्वालिटी की लाइट से शॉर्ट सर्किट, करंट लगने और आग लगने का खतरा रहता है. ऐसे में त्योहार की खुशियों के बीच किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए. तो आइए जानते हैं दिवाली पर लाइट खरीदते और इस्तेमाल करते समय किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है.
1. लाइट खरीदते समय रखें सावधानी
कई लोग घर सजाने के लिए सस्ती लाइट खरीद लेते हैं. लेकिन सस्ती लाइट खरीदना ही परेशानी नहीं है, बल्कि उसकी क्वालिटी और सेफ्टी का ध्यान रखना भी जरूरी है. कई बार खराब क्वालिटी की लाइट कुछ ही दिनों में खराब हो जाती है.
इसलिए लाइट खरीदते समय उसके पैकेट पर सेफ्टी सर्टिफिकेशन और जरूरी जानकारी जरूर चेक करें. बिना किसी जानकारी वाली लाइट खरीदने से बचें. इससे बिजली से जुड़े खतरे को कम करने में मदद मिल सकती है.
2. लाइट को अच्छी तरह चेक करना जरूरी
जब भी आप लाइट खरीदने जाएं, तो उसे अच्छी तरह चेक करें. खासकर उसके तार, प्लग और कनेक्शन पर ध्यान दें. अगर तार बहुत पतले, कटे हुए या कहीं से खुले हैं, तो ऐसी लाइट खरीदने से बचें.
यह भी पढ़ें: दिवाली से पहले शॉपिंग पर बंपर बचत! Flipkart ला रहा Big Bang Diwali Sale
पुरानी लाइट इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उसे भी पहले चेक कर लें. तारों की खराबी से करंट लगने या शॉर्ट सर्किट होने का खतरा रहता है. इसलिए लाइट लगाने से पहले उसकी हालत जरूर देख लें.
3. एक्सटेंशन कॉर्ड पर ज्यादा लोड न डालें
घर की सजावट के दौरान कई लोग एक ही एक्सटेंशन बोर्ड में कई लाइट और दूसरे बिजली के उपकरण लगा देते हैं. ऐसा करने से बोर्ड पर ज्यादा लोड पड़ सकता है और ओवरहीटिंग या शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ सकता है.
यह भी पढ़ें: Redmi 17C 5G की सेल शुरू, 6000mAh बैटरी और 120Hz डिस्प्ले के साथ आया फोन
इसलिए एक ही बोर्ड में जरूरत से ज्यादा प्लग न लगाएं. अगर एक्सटेंशन कॉर्ड की जरूरत है, तो अच्छी क्वालिटी का कॉर्ड इस्तेमाल करें और उसकी क्षमता के हिसाब से ही बिजली के उपकरण लगाएं.
4. रातभर लाइट चालू छोड़ना पड़ सकता है भारी
दिवाली पर घर की बालकनी और छत पर लगी लाइट को कई लोग बंद करना भूल जाते हैं. ऐसे में लाइट पूरी रात चालू रहती है. लेकिन ऐसा करना खतरनाक हो सकता है, खासकर तब जब लाइट की क्वालिटी खराब हो या उसके तारों में कोई दिक्कत हो.
लगातार इस्तेमाल से कुछ लाइट और उनके कनेक्शन गर्म हो सकते हैं. इसलिए सोने से पहले सजावट वाली लाइट बंद कर दें. इससे बिजली की बचत भी होगी और हादसे का खतरा भी कम होगा.
5. गीले हाथों से लाइट न छुएं
दिवाली के दौरान घर की सफाई करते समय या बारिश के बाद कई बार लाइट और उसके कनेक्शन गीले हो सकते हैं. ऐसे में गीले हाथों से लाइट या प्लग को छूना खतरनाक हो सकता है. इससे करंट लगने का खतरा रहता है.
इसलिए लाइट लगाते समय हाथ सूखे रखें और पानी के पास खुले बिजली के कनेक्शन न छोड़ें. अगर कोई तार गीला या खराब दिखे, तो बिजली की सप्लाई बंद करके ही उसे चेक करवाएं.
प्रियांशु कुमार मिश्रा