स्मार्टफोन से जुड़ी एक चौंकाने वाली घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. रेडिट पर एक यूजर ने दावा किया है कि उसके किराएदार का Nothing CMF Phone 1 चार्जिंग के दौरान अचानक फट गया और इससे पूरे कमरे में आग लग गई.
यह दावा सामने आते ही टेक कम्युनिटी में हलचल मच गई है, क्योंकि Nothing का यह फोन भारत में काफी पॉपुलर भी हुआ था. Reddit पर शेयर किए गए पोस्ट में यूजर ने पूरी घटना विस्तार से बताई है.
पोस्ट के मुताबिक, उसका एक युवा किराएदार अपने बेडरूम में फोन चार्ज पर लगाकर बाहर खाना खाने चला गया था. फोन बिस्तर के ऊपर ही रखा हुआ था.
यह भी पढ़ें: भारत में खुलेगा Meta का पहला AI डेटा सेंटर, रिलायंस इंडस्ट्रीज से मिलाया हाथ, इस शहर में होगी ओपनिंग
यूजर ने लिखा कि पास वाले फ्लैट में रहने वाले दूसरे किराएदार ने अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनी. संभावना जताई गई कि फोन फट गया था. इसके बाद बिस्तर का गद्दा, कंबल और चादर में आग लग गई और कुछ ही समय में पूरा कमरा आग की चपेट में आ गया.
जब तक घर का मालिक मौके पर पहुंचा, तब तक बेडरूम पूरी तरह जल चुका था. हालांकि, घर में लगे इमरजेंसी वॉटर सिस्टम की मदद से आग को बुझा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया.
यूजर ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, 'पूरा बेडरूम खत्म हो गया था'. उसने यह भी बताया कि उसने MCB चेक किया, लेकिन सिर्फ उसी कमरे के स्विच ट्रिप हुए थे. यानी यह बिल्डिंग की बिजली की समस्या नहीं थी.
उसने दावा किया कि उसका किराएदार न तो स्मोक करता है और न ही वेपिंग करता है. उसके पास फोन के अलावा कोई और बैटरी वाला डिवाइस भी नहीं था.
यह भी पढ़ें: 'गलत इस्तेमाल हुआ तो खतरा'... चेतावनी के बावजूद खुद Anthropic ने लॉन्च किया Mythos जैसा AI मॉडल
हालांकि Nothing कंपनी की तरफ से इसे लेकर अभी कुछ नहीं कहा गया है. हमने कंपनी से स्टेटमेंट मांगा है और जैसे Nothing इस बारे में बताती है हम अपडेट करेंगे.
ऐसे में यह स्पष्ट करना जरूरी है कि सोशल मीडिया पर किए गए ऐसे दावे हमेशा पूरी तरह वेरिफाईड नहीं होते. लेकिन फिर भी, इस तरह की घटनाएं चिंता बढ़ाने वाली जरूर होती हैं.
दरअसल, ज्यादातर स्मार्टफोन में Lithium-ion बैटरी होती है, जो ज्यादा गर्म होने या डैमेज होने पर खतरनाक हो सकती है. अगर फोन चार्जिंग के दौरान ज्यादा गर्म हो जाए, या उसे ऐसे सतह पर रखा जाए जहां हवा का फ्लो न हो, तो तापमान तेजी से बढ़ सकता है.
बिस्तर, गद्दा या कंबल जैसी जगहों पर फोन चार्ज करना इसलिए खतरनाक माना जाता है क्योंकि ये चीजें गर्मी को रोकती हैं और आग पकड़ने की संभावना बढ़ जाती हैं. कई मामलों में सस्ते या अनऑफिशियल चार्जर का इस्तेमाल भी बैटरी फेलियर की वजह बन सकता है.
इस पूरे मामले में सबसे अहम बात यह है कि अगर Reddit यूजर का दावा सही है, तो यह सिर्फ एक फोन की खराबी नहीं बल्कि यूजर सेफ्टी से जुड़ा बड़ा मुद्दा बन सकता है. फिलहाल सभी की नजर इस बात पर है कि Nothing कंपनी इस मामले पर क्या रेस्पॉन्स देती है और क्या इसकी कोई आधिकारिक जांच होती है या नहीं.
आजतक टेक्नोलॉजी डेस्क