स्मार्टफोन की दुनिया में अब कैमरे को लेकर एक नया एक्सपेरिमेंट देखने को मिलने वाला है. चीन की कंपनी Honor जल्द ही अपना पहला Robot Phone लॉन्च करने जा रही है. इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसका कैमरा होगा, जो आम स्मार्टफोन की तरह फिक्स नहीं रहेगा. इसमें एक खास रोबोटिक कैमरा सिस्टम दिया गया है, जो खुद घूम सकता है, आपके पीछे-पीछे चल सकता है और वीडियो रिकॉर्ड करते समय प्रोफेशनल कैमरे जैसा मूवमेंट दे सकता है. लॉन्च से पहले कंपनी ने इसके कैमरे से जुड़ी कई बड़ी जानकारी शेयर कर दी है.
Honor इस फोन को 12 अगस्त को चीन में लॉन्च करेगी. कंपनी का कहना है कि यह सिर्फ एक नया स्मार्टफोन नहीं, बल्कि मोबाइल फोटोग्राफी का अगला कदम है. इसी वजह से इसका नाम ही रोबोट फोन रखा गया है.
Robot Phone में क्या खास है?
इस फोन के ऊपर एक खास कैमरा मॉड्यूल लगाया गया है, जो जरूरत पड़ने पर बाहर निकलता है और अलग-अलग डायरेक्शन में घूम सकता है. यह सिर्फ कैमरे को हिलाने वाला सिस्टम नहीं है, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से सामने मौजूद व्यक्ति या ऑब्जेक्ट को अपने आप ट्रैक भी कर सकता है.
अगर कोई शख्स चल रहा है या वीडियो बना रहा है, तो कैमरा अपने आप उसका पीछा करेगा. इससे वीडियो रिकॉर्डिंग पहले से ज्यादा स्मूद और सिनेमैटिक दिखाई देगी. यही वजह है कि ऑनर इसे Robot Phone कह रही है.
200MP का दमदार कैमरा
Honor ने कन्फर्म किया है कि रोबोट फोन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिलेगा. प्राइमरी कैमरा 200 मेगापिक्सल का होगा, जिसमें बड़ा 1/1.28-इंच सेंसर और f/1.6 अपर्चर मिलेगा. इसके अलावा 50MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 200MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा भी दिया जाएगा. यानी यह फोन सिर्फ हाई-रेजोल्यूशन फोटो ही नहीं बल्कि दूर मौजूद ऑब्जेक्ट की भी बेहतर तस्वीरें लेने में कैपेबल होगा.
वीडियो बनाने वालों के लिए खास
ऑनर इस फोन को सिर्फ फोटो के लिए नहीं बल्कि वीडियो क्रिएटर्स को ध्यान में रखकर तैयार कर रही है. कंपनी ने जर्मनी की मशहूर सिनेमा कैमरा कंपनी ARRI के साथ साझेदारी की है. यही कंपनी हॉलीवुड फिल्मों में इस्तेमाल होने वाले प्रोफेशनल कैमरे बनाती है. इस पार्टनरशिप की वजह से रोबोट फोन में ARRI की कलर साइंस, Log-C3 रिकॉर्डिंग और दूसरे प्रोफेशनल वीडियो फीचर्स मिलेंगे. इसका मतलब है कि मोबाइल से शूट किया गया वीडियो पहले से ज्यादा नेचुरल और फिल्म जैसा दिख सकता है.
नया इमेजिंग चिप भी मिलेगा
ऑनर ने अपने पहले इन-हाउस इमेजिंग चिप Yuguang H1 का भी ऐलान किया है. कंपनी का दावा है कि यह चिप फोटो और वीडियो प्रोसेसिंग को बेहतर बनाएगी. कम रोशनी में भी बेहतर तस्वीरें मिलेंगी और वीडियो में नॉइज कम दिखाई देगा. AI की मदद से कैमरा तेजी से फोटो प्रोसेस कर सकेगा.
कैमरा खुद करेगा ट्रैकिंग
इस फोन में AI ऑब्जेक्ट ट्रैकिंग, सुपर स्टेडी वीडियो और AI स्पिन शॉट जैसे फीचर्स भी दिए जाएंगे. अगर आप व्लॉग रिकॉर्ड कर रहे हैं, किसी बच्चे का वीडियो बना रहे हैं या चलते हुए शूट कर रहे हैं, तो कैमरा अपने आप सब्जेक्ट को फ्रेम में बनाए रखने की कोशिश करेगा. इसके लिए अलग से गिंबल खरीदने की जरूरत कम हो सकती है.
सिर्फ कैमरा नहीं, पूरा फ्लैगशिप फोन
अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक रोबोट फोन में Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर, करीब 6000mAh बैटरी, 120W फास्ट चार्जिंग, 6.4 इंच OLED डिस्प्ले और MagicOS बेस्ड Android 16 मिलेगा.
पिछले कुछ सालों में कंपनियां कैमरे में सिर्फ ज्यादा मेगापिक्सल या AI फीचर जोड़ रही थीं. Honor पहली ऐसी कंपनी बनना चाहती है जो कैमरे को फिजिकली मूव करने वाला रोबोटिक सिस्टम आम यूजर्स तक पहुंचाए. अगर यह तकनीक सफल रहती है, तो आने वाले समय में दूसरे ब्रांड भी इसी तरह के कैमरा सिस्टम वाले स्मार्टफोन लॉन्च कर सकते हैं. हालांकि भारत में ये फोन कब लॉन्च होगा इसकी कोई जानकारी नहीं है.
मुन्ज़िर अहमद