साल की सबसे बड़ी सेल में से एक मानी जाती है फ्लिपकार्ट की बिग बिलियन डेज़ सेल. इस सेल के दौरान बहुत सारे भारी डिस्काउंट और ऑफर्स देखने को मिलते हैं. लोग फेस्टिवल से पहले यहां जमकर शॉपिंग भी करते हैं.
लेकिन अब सोशल मीडिया पर इन डील्स और ऑफर्स को लेकर सवाल उठ रहे हैं. कुछ लोगों का कहना है कि जिन प्रोडक्ट्स पर बड़े डिस्काउंट दिखाए जा रहे हैं, उनकी कीमत पहले इतनी ज्यादा थी ही नहीं. यानी कीमत बढ़ाकर फिर डिस्काउंट दिखाया जा रहा है. आइए जानते हैं पूरा मामला.
सोशल मीडिया पर उठ रहे सवाल
ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट पर बिग बिलियन डेज़ सेल की शुरुआत 9 अक्टूबर से होने वाली है. इस सेल में आपको बहुत सारे ऑफर्स देखने को मिलेंगे. लेकिन इसी प्राइस ड्रॉप को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने सवाल उठाए हैं.
कुछ यूजर्स ने प्राइस हिस्ट्री टूल की मदद से यह चेक करने की कोशिश की कि अलग-अलग प्रोडक्ट्स की कीमत पहले कब-कब कम हुई थी. इसके बाद सवाल उठाया गया कि जब किसी प्रोडक्ट की कीमत पहले ही कम हो चुकी थी, तो अब इतना बड़ा डिस्काउंट क्यों दिखाया जा रहा है?
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने एक AC की डील शेयर करते हुए बताया कि वह एक AC देख रहे थे, जिसकी कीमत ₹27,836 दिखाई जा रही थी. फ्लिपकार्ट पर इस पर 49% डिस्काउंट का टैग भी दिख रहा था.
लेकिन जब उन्होंने प्राइस ट्रैकर से इसकी कीमत चेक की, तो पता चला कि इसकी मौजूदा कीमत ऑल-टाइम हाई दिखाई जा रही है. कुछ दिन पहले यही AC ₹26,499 की कीमत में बिक रहा था. इस मामले को शेयर करते हुए यूजर ने लिखा, फ्लिपकार्ट का बिग बिलियन डेज़ सेल हुआ या लूटिंग का सेंटर?
ऐसा ही एक और मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर एक यूजर ने एक स्मार्टफोन की डील शेयर की. जब इस फोन की प्राइस हिस्ट्री चेक की गई, तो पता चला कि इसकी कीमत पहले भी कम रही है.
अब जिस कीमत पर इसे सेल में दिखाया जा रहा है, उसी कीमत के आसपास यह पहले भी बिक चुका है. इस पोस्ट को शेयर करते हुए यूजर ने लिखा, फ्लिपकार्ट का सेल आजकल स्कैम जैसा लगने लगा है.
अगर आप भी किसी सामान को खरीदने से पहले उसकी पुरानी कीमत जानना चाहते हैं, तो आपको कई ऐसे एक्सटेंशन मिल जाएंगे, जिनकी मदद से आप किसी प्रोडक्ट की कीमत ट्रैक कर सकते हैं और पता लगा सकते हैं कि उसकी कीमत कब कम हुई थी.
प्रियांशु कुमार मिश्रा