IPL: आज CSK और DC में मुकाबला, दिल्ली झेल पाएगी धोनी की चतुर कप्तानी?

आईपीएल के 13वें सीजन के 34वें मैच में शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) की टीमें आमने-सामने होंगी.

Advertisement
MS Dhoni and Shreyas Iyer (Twitter) MS Dhoni and Shreyas Iyer (Twitter)

aajtak.in

  • शारजाह,
  • 17 अक्टूबर 2020,
  • अपडेटेड 11:04 AM IST
  • शारजाह में चेन्नई और दिल्ली में होगी कांटे की टक्कर
  • जीत से उत्साहित चेन्नई को मिलेगी दिल्ली की चुनौती
  • दिल्ली दूसरे स्थान पर, जबकि चेन्नई की टीम छठे पर

आईपीएल के 13वें सीजन के 34वें मैच में शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) की टीमें आमने-सामने होंगी. महेंद्र सिंह धोनी की कुशल कप्तानी से चेन्नई सुपर किंग्स का अभियान फिर से पटरी पर लौट आया है, लेकिन उसे शारजाह में दिल्ली कैपिटल्स की कड़ी चुनौती का सामना करना होगा. यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे शुरू होगा. 

Advertisement

दिल्ली कैपिटल्स 8 मैचों में 6 जीत के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि चेन्नई को इतने ही मैचों में तीन जीत मिली है और वह अंक तालिका में छठे पायदान पर है.

CSK vs DC : आंकड़े क्या कहते हैं..? 

आईपीएल रिकॉर्ड की बात करें, तो चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच अब तक 22 मुकाबले (2008-2020) हो चुके हैं. चेन्नई ने 15, जबकि दिल्ली ने 7 में जीत हासिल की है. इस सीजन में दिल्ली ने चेन्नई के खिलाफ पिछले मुकाबले में 25 सितंबर को 44 रनों से जीत पाई थी. 

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मैच में धोनी ने जो भी रणनीति अपनाई वह कारगर साबित हुई और सत्र में अपनी उम्मीदें बरकरार रखने के लिए उनकी टीम दिल्ली के खिलाफ भी इसी तरह का खेल दिखाने का कोशिश करेगी.

Advertisement

चाहे वह सैम कुरेन को सलामी बल्लेबाज के रूप में उतारना हो या फिर सात गेंदबाजों का उपयोग करते हुए तेज गेंदबाज दीपक चाहर का कोटा शुरू में ही समाप्त करना, धोनी की प्रत्येक रणनीति पिछले मैच में सफल रही थी.

धोनी ने लेग स्पिनर पीयूष चावला से केवल एक ओवर करवाया और वह भी 16वें ओवर में. उन्होंने रवींद्र जडेजा और कर्ण शर्मा पर अधिक भरोसा दिखाया. पूरी संभावना है कि शारजाह के लगातार धीमे होते विकेट पर चेन्नई फिर से तीन स्पिनरों के साथ उतरेगी.

शारजाह में स्पिनरों की भूमिका अहम रही है और पिछले दो मैचों में भी ऐसा देखने को मिला जब धीमी गति के गेंदबाजों के अच्छे प्रदर्शन से टीमों ने जीत दर्ज की.

चेन्नई का सामना अब उस टीम से है जो लगातार अच्छे प्रदर्शन कर रही है. दिल्ली की तरफ से दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा और एनरिक नोर्तजे ने गेंदबाजी का जिम्मा बखूबी संभाला है. नोर्तजे ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में 156.2 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद की थी.

ये भी पढ़ें- तूफानी रफ्तार से गजब ढा रहा ये अफ्रीकी पेसर, IPLमें बनाया बड़ा रिकॉर्ड

स्पिन विभाग में आर अश्विन और अक्षर पटेल ने प्रभावशाली गेंदबाजी की तो पिछले मैच में तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने आईपीएल में अपने पदार्पण को यादगार बनाया.

Advertisement

देखें: आजतक LIVE TV 

दिल्ली की टीम हालांकि कप्तान श्रेयस अय्यर की फिटनेस को लेकर परेशान है, जिनका पिछले मैच में कंधा चोटिल हो गया था. अय्यर अच्छे फॉर्म में हैं और उन्होंने टीम की अच्छी तरह से अगुवाई भी की है. अगर वह नहीं खेल पाते हैं, तो दिल्ली को उनकी बल्लेबाजी और शांतचित्त नेतृत्व की कमी खलेगी. दिल्ली के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत चोटिल होने के कारण पहले ही बाहर हैं.

टीम को प्रतिभाशाली पृथ्वी शॉ और शिखर धवन से अच्छी शुरुआत की उम्मीद रहेगी. अय्यर के नहीं खेलने पर मध्यक्रम में अजिंक्य रहाणे और मार्कस स्टोइनिस की जिम्मेदारी भी बढ़ जाएगी.

टीमें इस प्रकार हैं -

चेन्नई सुपर किंग्स

महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), मुरली विजय, अंबति रायडू, फाफ डु प्लेसिस, शेन वॉटसन, केदार जाधव, ड्वेन ब्रावो, रवीद्र जडेजा, लुंगी नगिदी, दीपक चाहर, पीयूष चावला, इमरान ताहिर, मिशेल सेंटनर, जोश हेजलवुड, शार्दुल ठाकुर, सैम कुरेन, एन जगदीशन, केएम आसिफ, मोनू कुमार, आर साई किशोर, ऋतुराज गायकवाड़, कर्ण शर्मा.

दिल्ली कैपिटल्स 

श्रेयस अय्यर (कप्तान), रविचंद्रन अश्विन, शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, शिमरॉन हेटमायर, कैगिसो रबाडा, अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, संदीप लमिछाने, कीमो पॉल, डेनियल सैम्स, मोहित शर्मा, एनरिक नार्तजे, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), अवेश खान, तुषार देशपांडे, हर्षल पटेल, मार्कस स्टोइनिस, ललित यादव.
 

Advertisement

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »