खेल के मैदान पर खिलाड़ियों के बीच भिड़ंत होना कोई नई बात नहीं है, लेकिन कभी-कभी गुस्से में खिलाड़ी सारी हदें पार कर जाते हैं. रग्बी के एक मुकाबले में भी ऐसा ही देखने को मिला, जहां एब्बू वेले के खिलाड़ी कर्टिस ग्रेगरी की हरकत ने हर किसी को हैरान कर दिया. इस घटना के बाद फैन्स ने उन्हें लाइफटाइम बैन करने तक की मांग कर दी है.
यह घटना शुक्रवार को लैंडोवरी और एब्बू वेले के बीच खेले गए सुपर रग्बी सिमरू (Super Rygbi Cymru) मुकाबले में हुई. मैच के 36वें मिनट में कर्टिस ग्रेगरी को विरोधी खिलाड़ी की टांग पर बेरहमी से पैर मारने के लिए सीधे रेड कार्ड दिखाया गया.
रक के दौरान हुआ विवाद
यह घटना उस समय हुई, जब दोनों टीमों के खिलाड़ी रक (ruck) की स्थिति में थे. रग्बी में रक (Ruck) एक ऐसी स्थिति होती है, जब मैदान पर गेंद जमीन पर होती है और दोनों टीमों के खिलाड़ी उस पर कब्जा पाने के लिए आमने-सामने जोर लगाते हैं.
इसी दौरान लैंडोवरी के एक खिलाड़ी की टांग बाहर की ओर थी. ग्रेगरी ने उसकी टांग पर पैर से हमला कर दिया. घटना इतनी चौंकाने वाली थी कि इसे देखने वाले लोग दंग रह गए.
हालांकि, राहत की बात यह रही कि जिस खिलाड़ी को निशाना बनाया गया, उसे चोट नहीं लगी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद रग्बी फैन्स ने ग्रेगरी की जमकर आलोचना की और उनके खिलाफ कड़े एक्शन की मांग शुरू कर दी.
फैन्स बोले- दोबारा मैदान पर नहीं उतरना चाहिए
सोशल मीडिया पर कई फैन्स ने इस घटना को बेहद घटिया और खतरनाक बताया. एक यूजर ने लिखा- उसे दोबारा कभी मैदान पर खेलने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए. एक अन्य यूजर ने नाराजगी जताते हुए कहा- घिनौना! वह उसके घुटने को पूरी तरह बर्बाद कर सकता था. वहीं एक तीसरे यूजर ने लिखा- उसे फिर कभी खेलने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए. वह उस खिलाड़ी की टांग आधी तोड़ सकता था.
इस घटना के बाद ग्रेगरी पर लंबे बैन की मांग तेज हो गई है. कई फैन्स चाहते हैं कि उन पर आजीवन बैन लगाया जाए. हालांकि, उपलब्ध जानकारी में उनके खिलाफ किसी आजीवन प्रतिबंध की पुष्टि नहीं हुई है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क