भारत-पाकिस्तान फिर आमने-सामने, इस देश में होगी हॉकी वर्ल्ड कप 2026 की भ‍िड़ंत

हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में आ गए हैं, जिससे एक बार फिर ऐतिहासिक राइवलरी देखने को मिलेगी. पुरुष टीम Pool D में इंग्लैंड और वेल्स के साथ है, जबकि महिला टीम चीन, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी. भारत हाल के वर्षों में पाकिस्तान पर हावी रहा है.

Advertisement
इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (FIH) ने मंगलवार को घोषणा की है कि हॉकी वर्ल्ड कप 15 अगस्त से बेल्जियम और नीदरलैंड्स में शुरू होगा (Photo: Hockey India) इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (FIH) ने मंगलवार को घोषणा की है कि हॉकी वर्ल्ड कप 15 अगस्त से बेल्जियम और नीदरलैंड्स में शुरू होगा (Photo: Hockey India)

aajtak.in

  • नई द‍िल्ली ,
  • 18 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 6:30 PM IST

हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान की ऐतिहासिक राइवलरी देखने को मिलेगी. दोनों चिर-प्रतिद्वंदी टीमों को पुरुष वर्ग के पूल डी में एक साथ रखा गया है, जहां उनके साथ इंग्लैंड और वेल्स भी मौजूद हैं. यह टूर्नामेंट 15 अगस्त से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड में खेला जाएगा, जबकि भारत-पाकिस्तान के मुकाबले नीदरलैंड में होंगे.

Advertisement

भारत और पाकिस्तान की आखिरी भिड़ंत 2024 एशियन चैम्प‍ियंस ट्रॉफी में हुई थी, जहां भारत ने 2-1 से जीत दर्ज की थी. इससे पहले 2023 एशियन गेम्स में भारत ने पाकिस्तान को 10-2 से हराकर बड़ा संदेश दिया था. दोनों टीमों की मुलाकात 2025 एशिया कप में भी होनी थी, लेकिन पाकिस्तान ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर नाम वापस ले लिया था.

हालांकि इतिहास की बात करें तो पाकिस्तान अभी भी इस राइवलरी में आगे है. दोनों टीमों के बीच कुल 181 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें पाकिस्तान ने 82 और भारत ने 67 मैच जीते हैं, जबकि 32 मुकाबले ड्रॉ रहे. लेकिन 2016 के बाद से भारत का दबदबा साफ नजर आता है और टीम लगातार पाकिस्तान के खिलाफ अजेय रही है.

वर्ल्ड कप की बात करें तो पाकिस्तान यहां भी सबसे सफल टीम है. उसने 1971, 1978, 1982 और 1994 में कुल 4 खिताब जीते हैं, जबकि भारत ने 1975 में एकमात्र बार ट्रॉफी अपने नाम की थी. 

Advertisement

हालांकि, ओलंपिक में भारत का पलड़ा भारी है, जहां टीम ने 8 गोल्ड, 1 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं. भारत ने टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में लगातार दो ब्रॉन्ज मेडल भी जीते हैं. पाकिस्तान का आखिरी ओलंपिक मेडल 1992 बार्सिलोना में आया था.

पाकिस्तान टीम ने हाल के महीनों में मुश्किल दौर देखा, खासकर ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान, लेकिन मिस्र में हुए क्वालिफायर में शानदार वापसी कर 8 साल बाद वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई किया.

दूसरी ओर, भारतीय महिला टीम भी Pool D में कड़ी चुनौती का सामना करेगी. टीम को चीन, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के साथ रखा गया है. टीम ने क्वालिफायर के जरिए वर्ल्ड कप में जगह बनाई और कोच स्योएर्ड मारिज्ने के दूसरे कार्यकाल में शानदार प्रदर्शन जारी रखने की उम्मीद होगी.

अब सबकी नजरें भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले की तारीख पर टिकी हैं, जिसका शेड्यूल जल्द जारी होगा. इसके अलावा दोनों टीमें वर्ल्ड कप से पहले FIH प्रो लीग में भी दो बार आमने-सामने होंगी, जिससे इस राइवलरी का रोमांच और बढ़ जाएगा.

FIH हॉकी वर्ल्ड कप फुल ड्रॉ

महिला:

पूल A: नीदरलैंड्स, ऑस्ट्रेलिया, चिली, जापान (नीदरलैंड )
पूल B: अर्जेंटीना, जर्मनी, USA, स्कॉटलैंड (बेल्जियम)
पूल C: बेल्जियम, स्पेन, न्यूजीलैंड, आयरलैंड (बेल्जियम )
पूल D: चीन, इंग्लैंड, इंडिया, साउथ अफ्रीका (नीदरलैंड)

Advertisement

पुरुष:
पूल A: नीदरलैंड्स, अर्जेंटीना, न्यूजीलैंड, जापान (नीदरलैंड)
पूल B: बेल्जियम, जर्मनी, फ्रांस, मलेशिया (बेल्जियम)
पूल C: ऑस्ट्रेलिया, स्पेन, आयरलैंड, साउथ अफ्रीका (बेल्जियम )
पूल D: इंग्लैंड, भारत, पाकिस्तान, वेल्स (नीदरलैंड )

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »