फीफा विश्व कप 2026 के दौरान एक दर्दनाक घटना ने फुटबॉल जगत को झकझोर कर रख दिया था. कनाडा के खिलाफ मुकाबले में कतर के मिडफील्डर असीम मदीबो ने एक खतरनाक टैकल किया था. इस टैकल के कारण कनाडा के स्टार खिलाड़ी इस्माइल कोने की टांग टूट गई. अब FIFA ने इस घटना पर सख्त रुख अपनाते हुए मदीबो पर एक्शन लिया है.
असीम मदीबो को गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में पांच मैचों के लिए निलंबित कर दिया गया है, इस खौफनाक टैकल में कोने की टांग की दो हड्डियां टूट गईं, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाना पड़ा. यह घटना पिछले सप्ताह वैंकूवर के बीसी प्लेस स्टेडियम में खेले गए कनाडा और कतर के विश्व कप मुकाबले के दौरान हुई. मैच में कनाडा ने कतर को 6-0 से हराया, लेकिन मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा मदीबो के उस टैकल की रही जिसने इस्माइल कोने का टूर्नामेंट खत्म कर दिया.
मुकाबले के 53वें मिनट में असीम मदीबो ने पीछे से आकर इस्माइल कोने पर देर से टैकल किया. रेफरी ने इसे गंभीर फाउल मानते हुए तुरंत रेड कार्ड दिखा दिया. उस समय तक मदीबो को चोट की गंभीरता का अंदाजा नहीं था, लेकिन जब उन्हें पता चला कि कोने की टांग टूट गई है तो वह खुद भी भावुक हो गए.
कोने वर्ल्ड कप से हुए बाहर
24 वर्षीय इस्माइल कोने को मैदान पर तुरंत मेडिकल सहायता दी गई. जांच में पता चला कि उनकी बाईं टांग की टिबिया और फिबुला दोनों हड्डियां टूट गई हैं. उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया और अस्पताल में भर्ती कर सर्जरी करानी पड़ी. इस चोट के साथ ही कनाडाई मिडफील्डर का विश्व कप अभियान भी समाप्त हो गया. कोने कनाडा की टीम के अहम खिलाड़ियों में शामिल थे और उनसे आगे भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद थी.
यह भी पढ़ें: FIFA World Cup: राजा अभी मेसी हैं... मगर उनके सिंहासन की ओर पूरी रफ्तार से बढ़ रहे एम्बाप्पे
घटना की समीक्षा के बाद फीफा की अनुशासन समिति ने असीम मदीबो को 'गंभीर फाउल प्ले' का दोषी पाया और उन पर पांच मैचों का प्रतिबंध लगा दिया. हालांकि फीफा ने स्पष्ट किया है कि इस फैसले के खिलाफ अपील की जा सकती है. मदीबो को कतर के अंतिम ग्रुप मैच से भी बाहर रखा गया था. उस मुकाबले में कतर को बोस्निया और हर्जेगोविना के खिलाफ 3-1 से हार का सामना करना पड़ा और टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई.
यह भी पढ़ें: FIFA World Cup 2026: मैक्सिको ने रचा इतिहास, हैती ने जीता दिल, स्विट्जरलैंड और बोस्निया ने भी मारी बाजी
घटना के कुछ दिन बाद असीम मदीबो ने खेल भावना की मिसाल पेश की. कतर फुटबॉल संघ द्वारा जारी तस्वीरों में मदीबो अस्पताल में इस्माइल कोने से मिलने पहुंचे. व्हीलचेयर पर बैठे कोने ने अपने प्रतिद्वंद्वी का स्वागत किया और दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को गले लगाया. यह तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुईं और फुटबॉल प्रशंसकों ने मदीबो के इस कदम की सराहना की.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क