पाकिस्तानी क्रिकेटर अबरार अहमद को सनराइजर्स लीड्स ने द हंड्रेड 2026 के प्लेयर्स ऑक्शन के दौरान अपनी टीम से जोड़ा. यह नीलामी 12 मार्च (गुरुवार) को लंदन के पिकैडिली लाइट्स में हुई. सनराइजर्स लीड्स का मालिकाना हक सन ग्रुप के पास है, जिसके प्रमुख उद्योगपति कलानिधि मारन है. एक भारतीय फ्रेंचाइजी का पाकिस्तानी स्पिनर को खरीदना फैन्स को रास नहीं आ रहा है. कई यूजर्स ने सनराइजर्स की सीईओ काव्या मारना की आलोचना की और इस कदम को राष्ट्रीय भावना के खिलाफ बताया.
यह भी पढ़ें: अबरार अहमद को खरीदने पर घिरीं काव्या मारन, भारतीय फैन्स में दिखी नाराजगी
पूरे विवाद के बीच सनराइजर्स लीड्स के हेड कोच डेनियल विटोरी ने बड़ा बयान दिया है. विटोरी ने कहा कि टीम की पहली पसंद इंग्लैंड के स्टार स्पिनर आदिल राशिद थे, लेकिन जब ऑक्शन में उन्हें दूसरी टीम ने खरीद लिया, तब सनराइजर्स लीड्स ने विदेशी स्पिनर के विकल्प पर ध्यान दिया और अंततः लेग-स्पिनर अबरार अहमद को 1.90 लाख पाउंड (लगभग 2.34 करोड़ रुपये) में खरीद लिया.
डेनियल विटोरी ने ऑक्शन के बाद बताया कि सनराइजर्स लीड्स की रणनीति शुरू से ही एक प्रमुख स्पिनर को टीम में लेने की थी. उन्होंने कहा, 'जब आदिल राशिद हमें नहीं मिल पाए और उन्हें सदर्न ब्रेव ने खरीद लिया, तब हमने विदेशी स्पिनर पर ध्यान केंद्रित किया. हमारे पास चार-पांच विकल्प थे और अबरार अहमद उनमें से एक थे. उन्हें टीम में शामिल कर हम बहुत खुश हैं.'
सनराइजर्स लीड्स का X अकाउंट सस्पेंड
अबरार अहमद को खरीदने के बाद भारत में सोशल मीडिया पर काफी नाराजगी देखने को मिली. इसी बीच सनराइजर्स लीड्स का आधिकारिक X अकाउंट भी सस्पेंड हो गया, जिससे विवाद और बढ़ गया. हालांकि अभी तक इसकी वजह का पता नहीं चला है. विटोरी ने साफ किया कि ऑक्शन से पहले पाकिस्तानी खिलाड़ियों को लेकर टीम मैनेजमेंट ने कोई चर्चा नहीं की थी उनके मुताबिक टीम सिर्फ क्रिकेटिंग जरूरतों के आधार पर खिलाड़ियों को देख रही थी.
डेनियल विटोरी ने कहा, 'हमने ऑक्शन में मौजूद सभी खिलाड़ियों पर विचार किया. यह सिर्फ इस बात का मामला था कि टीम के लिए सबसे अच्छा विकल्प कौन है.' विटोरी ने यह भी बताया कि टीम की नजर कई स्पिनरों पर थी, जिनमें बांग्लादेश के रिशाद हुसैन, पाकिस्तान के उस्मान तारिक और अबरार अहमद शामिल थे.
डेनियल विटोरी ने कहा कि अबरार अहमद की गेंदबाजी में काफी विविधता है और वह पावरप्ले या मिडिल ओवरों में विकेट निकालने की क्षमता रखते हैं, जो हेडिंग्ले जैसे मैदान पर टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है. अबरार द हंड्रेड 2026 के ऑक्शन में खरीदे जाने वाले दूसरे पाकिस्तानी खिलाड़ी रहे. उनसे पहले उस्मान तारिक को बर्मिंघम फोनिक्स (Birmingham Phoenix) ने अपनी टीम में शामिल किया था.
aajtak.in