क्रिकेट की ओलंपिक में 128 साल बाद वापसी होने जा रही है. लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट को आधिकारिक तौर पर शामिल किया गया है और भारत को इस इवेंट में गोल्ड मेडल का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है. इसी बीच भारत के दो वर्ल्ड कप का हिस्सा रहे पूर्व तेज गेंदबाज एस श्रीसंत ने BCCI सेलेक्टर्स को बड़ा सुझाव दिया है.
श्रीसंत का मानना है कि भारत को ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने के लक्ष्य के साथ अपनी सबसे मजबूत टीम उतारनी चाहिए और इसके लिए विराट कोहली की वापसी पर विचार किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि अनुभवी विराट कोहली और युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी भारतीय टीम के लिए बेहतरीन संतुलन तैयार कर सकती है.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका में किया निराश, मोहम्मद शिराज के जाल में फंसे, 12 गेंद में पारी खत्म
स्पोर्ट्स विद रविश यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान श्रीसंत ने कहा- विराट ने भारतीय क्रिकेट के लिए जो काम किया है, वह अविश्वसनीय है. अगर बात ओलंपिक गोल्ड की है तो मैं अनुरोध करूंगा कि विराट टीम में खेलें. सीनियर और जूनियर खिलाड़ियों का यह मिश्रण शानदार रहेगा. वैभव सूर्यवंशी के साथ विराट कोहली की जोड़ी कमाल की होगी.
उन्होंने आगे कहा- सेलेक्टर्स को विराट कोहली को टी20 टीम में बनाए रखना चाहिए. उनकी फिटनेस को देखिए. यह बयान विवादित लग सकता है, लेकिन मैं सेलेक्टर्स से अनुरोध करता हूं कि ओलंपिक के लिए विराट को टीम में शामिल करें.
यह भी पढ़ें: Cricket in Los Angeles 2028 Olympics: 128 साल बाद ओलंपिक में क्रिकेट का कमबैक... 6 टीमें खेलेंगी, 90 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
गौरतलब है कि विराट कोहली ने भारत को 2024 टी20 वर्ल्ड कप जिताने के बाद टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. तब उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ फाइनल जीतने के तुरंत बाद उन्होंने अपने टी20I करियर का अंत कर दिया था. इसके बावजूद उनकी फिटनेस और बड़े मैचों में प्रदर्शन को देखते हुए उनकी वापसी की चर्चा समय-समय पर होती रहती है.
यह भी पढ़ें: सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल OUT, वैभव सूर्यवंशी IN? एशियन गेम्स के लिए BCCI का बड़ा ऐलान
दूसरी ओर, वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट का नया बड़ा नाम बनकर उभरे हैं. महज 15 साल की उम्र में उन्होंने IPL 2026 में 776 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज का तमगा हासिल किया. उनके शानदार प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया और उन्हें पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली.
यह भी पढ़ें: विराट के आगे विनम्र हुए वैभव, दोनों में क्या बात हुई? आ गया VIDEO
लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 में पुरुष और महिला वर्ग में छह-छह टीमें हिस्सा लेंगी. क्रिकेट के अलावा बेसबॉल/सॉफ्टबॉल, फ्लैग फुटबॉल, लैक्रोस (सिक्सेस) और स्क्वैश को भी खेलों की सूची में शामिल किया गया है. ऐसे में भारतीय क्रिकेट फैन्स की नजरें अब इस बात पर रहेंगी कि ओलंपिक के लिए टीम चयन के समय क्या विराट कोहली की वापसी पर वास्तव में विचार किया जाता है या नहीं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क