आयरलैंड दौरे पर भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी चर्चा का केंद्र बने हुए हैं. वैभव पहली बार भारतीय टीम में चुने गए हैं और इसी टूर पर उनके डेब्यू की संभावना है. अब भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वैभव पहली बार भारतीय सीनियर टीम के लिए नेट्स में अभ्यास करते दिखाई दे रहे हैं.
बीसीसीआई ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, 'एक खास शुरुआत. टीम इंडिया के नेट्स में वैभव सूर्यवंशी की पहली झलक.' नेट्स में वैभव पूरी एकाग्रता और आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी अभ्यास करते नजर आए. वो अर्शदीप सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, तिलक वर्मा जैसे बॉलर्स के खिलाफ बड़े शॉट्स खेलने से नहीं कतराते. नेट्स में उनकी मेहनत और तैयारी को देखकर साफ लग रहा है कि वह इस मौके को दोनों हाथों से भुनाने के लिए तैयार हैं.
टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम का हिस्सा बनने और सीनियर खिलाड़ियों के साथ अभ्यास करने का यह पल युवा बल्लेबाज के करियर का एक बड़ा पड़ाव माना जा रहा है. महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बना ली है. IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए खेलते हुए उन्होंने 776 रन बनाकर कई रिकॉर्ड तोड़े. पूरे टूर्नामेंट में उनका स्ट्राइक रेट 237.30 रहा, जो उनकी तूफानी बल्लेबाजी को बयां करता है.
इसके बाद श्रीलंका में आयोजित त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने इंडिया-ए की ओर से मेजबान टीम के खिलाफ सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक लगा दिया. यह लिस्ट-ए क्रिकेट में किसी बल्लेबाज का सबसे तेज पचासा रहा. अब आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज में उनके अंतरराष्ट्रीय डेब्यू की संभावना जताई जा रही है. ऐसे में टीम इंडिया के नेट्स में उनका पहला अभ्यास सत्र किसी खास मौके से कम नहीं रहा.
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम 26 और 28 जून को बेलफास्ट में आयरलैंड का सामना करने जा रही है. हालांकि टीम कॉम्बिनेशन को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन वैभव सूर्यवंशी पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं. अगर उन्हें डेब्यू का मौका मिलता है तो यह सिर्फ एक खिलाड़ी की शुरुआत नहीं होगी, बल्कि भारतीय क्रिकेट को उसके अगले बड़े सुपरस्टार की पहली झलक भी मिल सकती है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क