इंग्लैंड दौरे पर भी 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का इंटरनेशनल डेब्यू अभी इंतजार में है. चेस्टर-ली-स्ट्रीट में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने एक बार फिर अपनी वर्ल्ड कप विजेता टॉप ऑर्डर तिकड़ी संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन पर भरोसा जताया. नतीजा यह रहा कि टीम इंडिया के स्क्वॉड में चुने जाने के बाद वैभव लगातार तीसरी बार प्लेइंग-11 से बाहर रहे.
इससे पहले आयरलैंड के खिलाफ दोनों टी20 मैचों में भी युवा बल्लेबाज को बेंच पर बैठना पड़ा था. हालांकि उनके डेब्यू का इंतजार जितना लंबा हो रहा है, उसे लेकर तमाम सवाल भी उठ रहे हैं.
पूर्व भारतीय कप्तान और महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर का मानना है कि अगर वैभव को ज्यादा इंतजार करवाया गया तो जब भी उन्हें मौका मिलेगा, उनके ऊपर उम्मीदों का दबाव पहले से कहीं ज्यादा होगा.
'सोनी स्पोर्ट्स' पर बातचीत के दौरान गावस्कर ने कहा कि जब भी वैभव को मौका मिलेगा, उस समय उन पर अतिरिक्त प्रेशर रहेगा. हालांकि 15 साल की उम्र में खिलाड़ी प्रेशर के बारे में उतना नहीं सोचता. लेकिन वह यह जरूर समझता है कि मौका मिलने पर तुरंत खुद को साबित करना होगा.
गावस्कर ने कहा कि फिलहाल वैभव के लिए सबसे बड़ी बात यह है कि वह भारतीय टीम के साथ रहकर लगातार सीख रहे हैं. उनके मुताबिक मौजूदा भारतीय टीम में कई बेहतरीन खिलाड़ी हैं और उनके बीच रहना किसी भी युवा क्रिकेटर के लिए बड़ी सीख है. यही अनुभव भविष्य में उनके काफी काम आएगा.
IPL के दम पर मिली थी टीम इंडिया में जगह
वैभव सूर्यवंशी को आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद पहली बार भारतीय टीम में चुना गया था. उन्होंने अपने आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज और रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन से सेलेक्टर्स का ध्यान खींचा था. इसके बाद उम्मीद थी कि आयरलैंड या इंग्लैंड दौरे पर उन्हें डेब्यू का मौका मिलेगा, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हो सका है.
टीम इंडिया ने नहीं बदला ओपनिंग कॉम्बिनेशन
आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज गंवाने के बावजूद टीम मैनेजमेंट ने अपनी ओपनिंग तिकड़ी में कोई बदलाव नहीं किया. संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन पर फिर भरोसा जताया गया, जबकि वैभव को एक बार फिर इंतजार करना पड़ा.
मैच में भारत ने की शानदार वापसी
बारिश से प्रभावित पहले टी20 मुकाबले में भारत की शुरुआत बेहद खराब रही. महज दो ओवर के अंदर टीम ने 6 रन पर दो विकेट गंवा दिए. संजू सैमसन साकिब महमूद की गेंद पर टॉम बैंटन के शानदार कैच का शिकार बने, जबकि ईशान किशन अभिषेक शर्मा के साथ गलतफहमी में रन आउट हो गए.
इसके बाद अभिषेक शर्मा ने जवाबी हमला बोलते हुए सिर्फ 24 गेंदों में 59 रन ठोक दिए. इस पारी के दौरान उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज 100 छक्के पूरे करने का रिकॉर्ड भी बनाया. उन्होंने यह उपलब्धि केवल 785 गेंदों में हासिल की.
कप्तान श्रेयस अय्यर ने 47 गेंदों में 68 रन बनाकर पारी को संभाला, जबकि शिवम दुबे ने आखिर में नाबाद 42 रन की तेज पारी खेली. भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 189 रन बनाए. इंग्लैंड की ओर से साकिब महमूद सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 33 रन देकर तीन विकेट लिए.
बारिश बनी विलेन
चेस्टर-ले-स्ट्रीट में इंग्लैंड की पारी शुरू ही नहीं हो सकी. भारतीय बल्लेबाजी के दौरान रुक-रुक कर हो रही बारिश बाद में तेज हो गई. आखिरकार अंपायरों ने मुकाबला रद्द करने का फैसला लिया और मैच बिना किसी नतीजे के समाप्त हुआ. इस तरह दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क