पैट कमिंस को तीन छक्के, बुमराह की कुटाई... और क्या चाहिए वैभव को सीनियर टीम में आने के लिए

सिर्फ 15 साल की उम्र… सामने दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाज… और फिर भी बिना किसी डर के चौके-छक्कों की बारिश. 'बेबी बॉस' ने आईपीएल 2026 में जिस अंदाज में बल्लेबाजी की है, उसने पूरे क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है. अब हर तरफ सिर्फ एक ही सवाल गूंज रहा है- आखिर वैभव को टीम इंडिया में जगह पाने के लिए और क्या करना होगा?

Advertisement
वैभव सूर्यवंशी का बवंडर जारी... (Photo: ITG) वैभव सूर्यवंशी का बवंडर जारी... (Photo: ITG)

अनुराग कुमार झा

  • मुल्लांपुर,
  • 28 मई 2026,
  • अपडेटेड 2:01 PM IST

15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में तूफान मचा रखा है. सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ बुधवार (27 मई) को एलिमिनेटर मुकाबले में 'बेबी बॉस' ने ऐसी बैटिंग की, जो लंबे समय तक याद रखी जाएगी. वैभव ऐतिहासिक शतक से चूक गए, लेकिन वो इनिंग्स किसी शतक या दोहरे शतक से कम नहीं थी.

राजस्थान रॉयल्स (RR) के इस बल्लेबाज ने 29 गेंदों पर 97 रन बनाए, जिसमें 92 रन तो चौके-छक्के से निकले. वैभव ने विपक्षी टीम के कप्तान पैट कमिंस के खिलाफ जिस तरह का रुख अख्तियार किया वो तो सच में दर्शनीय था. दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों में से एक कमिंस को वैभव ने तीसरे ही ओवर में लगातार तीन छक्के उड़ा दिए. कमिंस सिर्फ एक गेंदबाज नहीं, बल्कि बड़े मैचों के खिलाड़ी माने जाते हैं. उनकी रफ्तार, बाउंसर और दबाव बनाने की क्षमता से तो हर क्रिकेटर वाकिफ है.

Advertisement

वैभव सूर्यवंशी ने जिस बेखौफ अंदाज में पैट कमिंस खिलाफ शॉट्स खेले, उसने बता दिया कि इस युवा बल्लेबाज के अंदर डर नाम की चीज नहीं है. बाकी के गेंदबाजों का भी वैभव के सामने हालत कुछ ठीक नहीं रही. वैसे वैभव इस पूरे आईपीएल सीजन में ही बड़े-बड़े गेंदबाजों के आगे अपनी बैटिंग का लोहा मनवा चुके हैं. उन्होंने जसप्रीत बुमराह और मिचेल स्टार्क तक को नहीं बख्शा. बुमराह के खिलाफ जिस आत्मविश्वास से वैभव ने बल्लेबाजी की, उसने क्रिकेट एक्सपर्ट्स को भी हैरान कर दिया था. अब सवाल सिर्फ इतना है- आखिर वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में जगह पाने के लिए और क्या करना होगा?

यह भी पढ़ें: बुमराह की पहली गेंद पर वैभव ने जड़ा छक्का, 5 गेंद में ठोक डाले इतने रन, VIDEO

वैभव सूर्यवंशी ने अपने करियर की शुरुआत में ही यह संकेत दे दिया था कि वह लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ सकते हैं. अंडर-19 और घरेलू क्रिकेट में उन्होंने जिस अंदाज में रन बनाए, बड़े स्कोर खड़े किए और मैच की स्थिति के हिसाब से बल्लेबाजी की, उसने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा है. तेज स्ट्राइक रेट के साथ लंबी पारी खेलने की क्षमता और दबाव में जिम्मेदारी लेना उनकी सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आया है. इसी साल अंडर-19 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ उनकी बल्लेबाजी अब भी फैन्स के जेहन में ताजा है. वैभव ने सेट होने के बाद ऐसा हमला बोला था कि इंग्लिश गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए. उन्होंने सिर्फ 80 गेंदों पर 175 रन ठोक दिए, जिसमें 15 छक्के और 15 चौके शामिल थे. इतने बड़े मंच पर उनका इंटेंट और आत्मविश्वास देखने लायक था.

Advertisement

वैभव सूर्यवंशी की खासियत सिर्फ पावर-हिटिंग नहीं है. उनकी टाइमिंग, शॉट सेलेक्शन और बड़े मौकों पर बड़ी इनिंग्स खेलने का माद्दा उन्हें बाकी युवा बल्लेबाजों से अलग बनाता है. यही वजह है कि आईपीएल 2026 में उन्होंने 680 रन ठोक दिए है, जो किसी भी अनकैप्ड खिलाड़ी द्वारा एक सीजन में बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं. उन्होंने इस सीजन में इतने छक्के लगाए कि 'यूनिवर्स बॉस' क्रिस गेल का रिकॉर्ड तक टूट गया. चार बार एक पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाने का कारनामा कर वैभव ने गेल की बराबरी भी कर ली.

यह भी पढ़ें: दे छक्के, दे छक्के... वैभव सूर्यवंशी ने रचा इत‍िहास, क्रिस गेल का महारिकॉर्ड चकनाचूर

अगर आंकड़ों पर नजर डालें, तो वैभव सूर्यवंशी अब तक 8 फर्स्ट क्लास, 8 लिस्ट-ए और 33 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 207 रन बनाए हैं, जबकि लिस्ट-ए क्रिकेट में 44.12 की शानदार औसत से 353 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल हैं. हालांकि सबसे ज्यादा असर उन्होंने टी20 क्रिकेट में छोड़ा है. वैभव ने टी20 क्रिकेट में 43.15 की औसत और 221.66 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 1381 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक और 5 अर्धशतक निकले हैं. इतनी कम उम्र में ऐसी स्ट्राइक रेट और निरंतरता दिखाना बताता है कि वह सिर्फ एक सीजन के स्टार नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा नाम बन सकते हैं.

Advertisement

सबसे बड़ी बात ये है कि वैभव सूर्यवंशी दबाव में और खतरनाक हो जाते हैं. प्लेऑफ जैसे हाई-प्रेशर मुकाबले में जिस तरह उन्होंने गेंदबाजों पर हमला किया, उसने साफ कर दिया कि वह सिर्फ भविष्य के स्टार नहीं, बल्कि अभी से बड़े स्तर के लिए तैयार खिलाड़ी हैं. अब तो सभी यही सवाल पूछ रहे हैं- अगर एक 15 साल का बल्लेबाज पैट कमिंस और जसप्रीत बुमराह जैसे गेंदबाजों की धुनाई कर सकता है, आईपीएल में रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बना सकता है, तो फिर टीम इंडिया में उसकी एंट्री में देरी क्यों?

वैभव सूर्यवंशी इस साल 27 मार्च को 15 वर्ष के हो गए थे. यानी वो आईसीसी के नियमानुसार इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के योग्य हो चुके हैं. अगले महीने श्रीलंका में होने वाली ट्राई सीरीज के लिए वैभव को इंडिया-ए टीम में चुना गया है. ये सीरीज वैभव के लिए सीनियर में सेलेक्शन का मार्ग प्रशस्त कर सकती है. वैसे भी भारतीय टीम इस समय टी20 फॉर्मेट में युवाओं को लगातार मौका दे रही है. अब वह दिन ज्यादा दूर नहीं जब यह युवा स्टार भारतीय टीम की नीली जर्सी में भी चौके-छक्के लगाता नजर आएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »