वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2025-27 की पॉइंट टेबल में साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच डरबन टेस्ट के बाद बड़ा बदलाव हुआ है.
ऑस्ट्रेलिया ने मेजबान टीम को मंगलवार को 214 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने पॉइंट टेबल में अपना शीर्ष स्थान और मजबूत कर लिया, जबकि डिफेंडिंग चैम्पियन साउथ अफ्रीका तीसरे नंबर पर खिसक गया. भारतीय टीम पांचवें स्थान पर बनी हुई है.
ऑस्ट्रेलिया ने WTC के मौजूदा चक्र में 11 मैचों में अपनी नौवीं जीत दर्ज की है. उसके खाते में 108 अंक हैं और Points Percentage System (PCT) 81.82 हो गया है. न्यूजीलैंड छह मैचों में चार जीत, एक हार और एक ड्रॉ के साथ 72.22 प्रतिशत अंक लेकर दूसरे नंबर पर है.
साउथ अफ्रीका को पांच मैचों में दूसरी हार का सामना करना पड़ा. उसके खाते में 36 अंक हैं और PCT 60 है. इसके चलते वह दूसरे से तीसरे स्थान पर आ गया. बांग्लादेश 55.56 प्रतिशत अंकों के साथ चौथे नंबर पर है. उसने छह मैचों में तीन जीत, दो हार और एक ड्रॉ के जरिए 40 अंक जुटाए हैं.
टीम इंडिया को फायदा हुआ या नुकसान?
ऑस्ट्रेलिया की जीत के बाद भारतीय टीम की पॉइंट टेबल में स्थिति नहीं बदली है. भारत 11 मैचों में पांच जीत, चार हार और दो ड्रॉ के साथ 68 अंक तथा 51.52 प्रतिशत अंक लेकर पांचवें स्थान पर है. भारत ने हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज 1-0 से जीती थी.
इस नतीजे से भारत को रैंकिंग में तत्काल कोई फायदा नहीं हुआ. साउथ अफ्रीका के अंक प्रतिशत में गिरावट जरूर आई है, लेकिन भारत अभी चौथे स्थान पर मौजूद बांग्लादेश से पीछे है. ऐसे में भारतीय टीम को अपनी स्थिति बेहतर करने के लिए आगे के मैचों में जीत दर्ज करनी होगी.
इंग्लैंड से पाकिस्तान तक, ऐसी है पॉइंट टेबल
इंग्लैंड 16 मैचों में सात जीत, आठ हार और एक ड्रॉ के साथ 38.54 प्रतिशत अंकों पर छठे नंबर पर है. उसके खाते में 74 अंक हैं, लेकिन ओवर रेट की पेनल्टी के कारण 14 अंक काटे गए हैं.
श्रीलंका छह मैचों में एक जीत, दो हार और तीन ड्रॉ के साथ 24 अंक तथा 33.33 प्रतिशत अंक लेकर सातवें स्थान पर है. वेस्टइंडीज 12 मैचों में दो जीत, आठ हार और दो ड्रॉ के बाद 30 अंक तथा 20.83 प्रतिशत अंक के साथ आठवें नंबर पर है. टीम पर दो पेनल्टी अंक की कटौती भी हुई है.
पाकिस्तान नौ मैचों में दो जीत और सात हार के साथ आखिरी यानी नौवें स्थान पर है. उसके खाते में 5 अंक और 4.63 प्रतिशत अंक हैं. पाकिस्तान को पेनल्टी के तौर पर नौ अंक गंवाने पड़े हैं.
क्या टीम इंडिया अब भी खेल सकती है WTC फाइनल
भारत के पास वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2025-27 के फाइनल में पहुंचने के लिए अभी 7 टेस्ट मैच बाकी हैं. टीम इंडिया के फाइनल में पहुंचने की संभावना उसके बाकी बचे मैच पर निर्भर है. भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ उसके घर में 2 टेस्ट खेलने हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर 5 टेस्ट की सीरीज बाकी है.
फाइनल में पहुंचने के लिए भारत को जीत के साथ दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा. WTC में क्वालिफिकेशन का फैसला कुल अंकों से नहीं, बल्कि PCT से होता है. जीत पर 12 अंक, ड्रॉ पर 4 अंक और टाई होने पर 6 अंक मिलते हैं. लीग चरण के अंत में शीर्ष दो टीमों को फाइनल में जगह मिलेगी.
अगर टीम इंडिया अपने सभी बचे हुए मैच जीत लेती है, तो वह 70.37% अंक (Points Percentage - PCT) तक पहुंच जाएगी, जो फाइनल में जगह बनाने के लिए बहुत बेहतरीन स्कोर है.
भारत के WTC 2025-27 साइकिल में कितने मैच बचे हैं?
भारत को इस सीरीज (WTC Cycle) में अभी 7 टेस्ट मैच और खेलने हैं. इसमें 2 मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ और 5 मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हैं.
• जीत की जरूरत: फाइनल की रेस में सुरक्षित रहने के लिए भारत को इन 7 में से कम से कम 6 मैच जीतने होंगे.
• खुद का कंट्रोल: अगर भारत सभी 7 मैच जीत जाता है, तो उसे फाइनल में जाने के लिए किसी दूसरी टीम की हार-जीत पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. वह खुद के दम पर फाइनल में पहुंच जाएगा.
क्या है WTC में PCT का फॉर्मूला
PCT = टीम द्वारा जीते गए पॉइंट्स / कुल मैच से अर्जित पॉइंट * 100
• कुल मैच: 11 (जो खेल चुके) + 7 (जो बाकी हैं) = 18 मैच.
• कुल उपलब्ध अधिकतम अंक: (18* 12 = 216 अंक (यानी भारत 18 मैचों में ज्यादा से ज्यादा 216 अंक ही कमा सकता था).
• भारत के संभावित अंक: 152 अंक, अभी भारत के 68 अंक हैं, 7 मैच जीतने पर (12*7=84 यानी 68+84 =152) अंक होंगे
अब इसे ऐसे देखें
PCT = 152 / 216 * 100 = 70.37%
इससे पहले कितने PCT पर टीम ने किया WTC फाइनल क्वालिफाई
2021-2023 में भारतीय टीम पॉइंट टेबल में दूसरे नंबर पर थी और उसका PCT 58.80 था और टॉपर ऑस्ट्रेलिया के पास 66.67 PCT थे, दोनों टीमों ने तब फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था.
WTC की 2023-2025 साइकिल में टॉपर साउथ अफ्रीका के 69.44 PCT थे, ऑस्ट्रेलिया के 67.54 अंक थे, ऐसे में भारतीय टीम अब भी फाइनल के लिए क्वालिफाई कर सकती है. 2019-21 साइकिल में ऐसा सिस्टम नही था.
वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) में पॉइंट्स और रैंकिंग कैसे तय होती है?
ऑस्ट्रेलिया के जीतते रहने पर क्या होगा?
अगर भारत अपने बाकी सभी 7 टेस्ट जीतता है, तो ऑस्ट्रेलिया को पांच मैचों में हार का सामना करना होगा. इसके बावजूद, अगर ऑस्ट्रेलिया अपने बाकी छह मैच जीत लेता है, तो उसका पॉइंट्स प्रतिशत (PCT) 68.8 तक पहुंच सकता है, जो भारत से ज्यादा होगा.
ऐसे में ऑस्ट्रेलिया की साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत भारत के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है. इस जीत से ऑस्ट्रेलिया की स्थिति मजबूत हुई है और भारत की फाइनल में पहुंचने की राह मुश्किल हो सकती है.
साउथ अफ्रीका के सभी मैच जीतने पर भारत को फायदा
अगर साउथ अफ्रीका अपने बाकी बचे सभी 9 टेस्ट जीत लेता है, तो उसका अधिकतम PCT 85.71 हो सकता है. हालांकि, भारत के लिए इस स्थिति में अहम बात यह होगी कि साउथ अफ्रीका की जीत से ऑस्ट्रेलिया को दो टेस्ट में हार का सामना करना पड़ेगा.
अगर ऑस्ट्रेलिया साउथ अफ्रीका के खिलाफ दोनों टेस्ट हारता है और भारत उसे अपने सभी पांच टेस्ट में हरा देता है, तो पैट कमिंस की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का अधिकतम PCT 63.63 रह जाएगा. यह भारत के संभावित PCT से कम होगा.
इसलिए भारत के नजरिए से साउथ अफ्रीका का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बाकी दोनों टेस्ट जीतना फायदेमंद हो सकता है.
न्यूजीलैंड से भी भारत को खतरा
WTC पॉइंट्स टेबल में न्यूजीलैंड 72.22 PCT के साथ दूसरे स्थान पर है. उसके अभी 10 टेस्ट बाकी हैं.अगर भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने दोनों टेस्ट जीत भी जाता है, तो न्यूजीलैंड का अधिकतम PCT 75 तक पहुंच सकता है. ऐसे में कीवी टीम भी भारत की फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों के लिए चुनौती बन सकती है.
भारत को अपने बाकी सभी 7 टेस्ट जीतने के साथ दूसरी टीमों के नतीजों पर भी नजर रखनी होगी. ऑस्ट्रेलिया की जीत से उसकी स्थिति मजबूत हुई है, जबकि साउथ अफ्रीका की जीत भारत के लिए राहत लेकर आ सकती है. दूसरी ओर, न्यूजीलैंड का मजबूत PCT भी भारत के लिए चुनौती बना हुआ है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क