कोहली को मिला गांगुली का साथ, कहा- अफ्रीका दौरे के लिए चाहिए था समय

गांगुली ने विराट कोहली का समर्थन करते हुए कहा कि टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीका के कठिन दौरे की तैयारी के लिए और समय की जरूरत थी.

Advertisement
गांगुली और कोहली गांगुली और कोहली

विश्व मोहन मिश्र

  • नई दिल्ली,
  • 24 नवंबर 2017,
  • अपडेटेड 5:27 PM IST

भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने आज व्यस्त कार्यक्रम के मुद्दे पर मौजूदा कप्तान विराट कोहली का समर्थन करते हुए कहा कि टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीका के कठिन दौरे की तैयारी के लिए और समय की जरूरत थी.

आपको बता दें कि कोहली ने गुरुवार को शिकायत की थी कि व्यस्त कार्यक्रम बड़ी सीरीज जैसे दक्षिण अफ्रीका के आगामी दौरे की उचित तैयारियों के रास्ते में आ रहा है और बीसीसीआई ने उनकी इस शिकायत पर गंभीरता से विचार करने का वादा भी किया.

Advertisement

कोहली की चिंताओं का समर्थन करते हुए गांगुली ने कहा, ‘वह (कोहली) क्रिकेट के कार्यक्रम के बारे में बात कर रहा था जो सही है. अगर टीम दक्षिण अफ्रीका जा रही है तो आपको टीमों को तैयारी का समय देना चाहिए.’

गांगुली इंडिया टुडे कानक्लेव ईस्ट 2017 के मौके पर बोल रहे थे. इस दौरान उन्होंने कोहली की प्रशंसा की जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में 50 इंटरनेशनल शतक पूरे किए थे. उन्होंने कहा कि कोहली सचिन तेंदुलकर के 49 वनडे शतक को भी पार सकता है, लेकिन चुनौती टेस्ट मैचों में मास्टर ब्लास्टर के 51 शतक की बराबरी करना होगी.

गांगुली ने कहा, ‘विराट सचिन के वनडे शतकों के बहुत करीब पहुंच जाएगा जिनकी संख्या 49 है. वह अभी 29 साल का है. वह इसके करीब पहुंच जाएगा. उसे फिट रहना होगा. जब मैं 1996-2003 तक खेल रहा था, मेरे सात साल में 22 वनडे शतक बने थे.’

Advertisement

बता दें कि गांगुली के 311 वनडे में 22 शतक हैं और 113 टेस्ट मैचों में 16 शतक हैं. उन्होंने कहा, ‘मुझे कोहली के साथ भी ऐसा ही दिखता है. उसने नौ वर्षों में 30 शतक बनाए. हालांकि उम्र बढ़ने के साथ यह कठिन हो जाएगा. सचिन के लिए भी यह मुश्किल हो गया, मेरे लिए भी. विराट कोहली के लिए भी यह मुश्किल होता जाएगा.’

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement