इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का रोमांच धीरे-धीरे चरम पर पहुंच जा रहा है. ऐसा हो भी क्यों ना... आईपीएल दुनिया की सबसे बड़ी और लुभावनी टी20 लीग जो है. 2008 में शुरू हुई लीग ने क्रिकेट की दुनिया में क्रांति ला दी. महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2007 जीतने के बाद भारत में इस फॉर्मेट की लोकप्रियता चरम पर पहुंची, जिसे आईपीएल ने ही नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया.
देखा जाए तो भारत ने अपना पहला टी20 इंटरनेशनल (टी20I) मुकाबला 2006 में वीरेंद्र सहवाग की कप्तानी में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला था. तब से अब तक 119 खिलाड़ी इस फॉर्मेट में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. वहीं आईपीएल खेलने वाले देसी एवं विदेशी खिलाड़ियों की कुल संख्या 1000 से ज्यादा हो चुकी है.
सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ जैसे दिग्गजों ने भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर T20 क्रिकेट खेला, साथ ही आईपीएल में भाग लिया. दूसरी ओर सौरव गांगुली, वीवीएस लक्ष्मण और अनिल कुंबले जैसे दिग्गज ऐसे रहे, जिन्होंने भारत के लिए T20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला, लेकिन बाद में IPL में हिस्सा लिया. लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि एक ऐसा खिलाड़ी भी रहा है, जिसने भारत के लिए टी20 क्रिकेट तो खेला, लेकिन कभी IPL में खेलने का मौका ही नहीं मिला. इस खिलाड़ी का नाम है दिनेश मोंगिया.
पहली टी20I जीत के हीरो रहे मोंगिया
दिनेश मोंगिया ने भारत के लिए पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था, जो 1 दिसंबर 2006 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ जोहानिसबर्ग में खेला गया था. उस मुकाबले में उन्होंने 45 गेंदों में 38 रन बनाकर टीम के लिए अहम भूमिका निभाई थी. भारत ने वह मैच 1 गेंद बाकी रहते 6 विकेट से जीत लिया था. इसके बावजूद जब आईपीएल की शुरुआत हुई और बाद में यह लीग दुनिया की सबसे बड़ी टी20 प्रतियोगिता बन गई, तब भी मोंगिया को इस लीग में मौका नहीं मिला.
48 साल के दिनेश मोंगिया का करियर इस बात का सबूत है कि वह एक सक्षम और भरोसेमंद खिलाड़ी थे. बाएं हाथ के ऑलराउंडर मोंगिया ने भारत के लिए 57 वनडे इंटरनेशनल मैचों में 27.95 की औसत से 1230 रन बनाए, जिसमें 1 शतक और चार अर्धशतक शामिल रहे. वनडे इंटरनेशनल में मोंगिया का बेस्ट स्कोर 159* रन रहा, जो उन्होंने मार्च 2002 में जिम्बाब्वे के खिलाफ बनाया था. मोंगिया ने वनडे इंटरनेशनल में 40.78 की औसत से 14 विकेट भी झटके.
इसके अलावा दिनेश मोंगिया ने 1 टी20 इंटरनेशनल मैच में 38 रन बनाए. मोंगिया क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में भी भारतीय टीम का हिस्सा रहे, जहां सौरव गांगुली ब्रिगेड फाइनल तक पहुंची थी. घरेलू क्रिकेट में उन्होंने पंजाब के लिए शानदार प्रदर्शन किया. मोंगिया ने 121 फर्स्ट क्लास मैचों में 8028 रन बनाए, जिसमें 27 शतक और 28 अर्धशतक शामिल रहे. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 308 रन रहा. लिस्ट-ए क्रिकेट में मोंगिया ने 198 मैच खेलकर 5535 रन और टी20 क्रिकेट में 32 मुकाबले खेलकर 633 रन बनाए.
आखिर IPL में क्यों नहीं खेल सके मोंगिया?
यह सवाल आज भी क्रिकेट फैन्स के मन में उठता है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि भारत के लिए टी20 खेलने वाला खिलाड़ी शानदार रिकॉर्ड के बावजूद आईपीएल में एक भी मैच नहीं खेल पाया. बता दें कि दिनेश मोंगिया ने इंडियन क्रिकेट लीग (ICL) में खेलने का फैसला लिया था, जिसके कारण भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने उन पर प्रतिबंध लगा दिया. हालांकि अक्टूबर 2008 में अनुशासनात्मक कारणों से मोगिया को आईसीएल से भी निलंबित कर दिया गया था.
दिनेश मोंगिया को कीवी दिग्गज क्रिस केर्न्स की चोट के बारे में पहले से पता था, लेकिन उन्होंने इसकी जानकारी अधिकारियों को नहीं दी थी.आईसीएल में खेलने वाले कई भारतीय खिलाड़ियों को बीसीसीआई ने माफ कर दिया था, लेकिन मोंगिया को बोर्ड की माफी योजना का लाभ नहीं मिला और वह मुख्यधारा की क्रिकेट से बाहर हो गए.
अनुराग कुमार झा