T20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड से कभी नहीं जीता भारत, एक बार फिर 'कीवी चैलेंज', क्या सूर्या ब्रिगेड बदलेगी इतिहास?

भारतीय टीम टी20 इंटरनेशनल में न्यूजीलैंड पर हावी रही है. लेकिन टी20 वर्ल्ड कप के आंकड़े काफी चौंकाने वाले हैं. भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड को कभी भी हरा नहीं पाई है. अब भारतीय टीम के पास इस सूखे को खत्म करने का मौका है.

Advertisement
टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत-न्यूजीलैंड की टक्कर (Photo: Getty) टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत-न्यूजीलैंड की टक्कर (Photo: Getty)

aajtak.in

  • अहमदाबाद,
  • 07 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 3:29 PM IST

रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में टीम इंडिया न्यूजीलैंड से भिड़ेगी. इस मुकाबले में इतिहास बनना तय है. अगर भारत यह मैच जीतता है तो वह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में तीसरा खिताब जीतने वाली और लगातार दो बार ट्रॉफी उठाने वाली पहली टीम बन जाएगी. वहीं न्यूजीलैंड की टीम अगर जीत दर्ज करती है, तो वह टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली सातवीं टीम बन जाएगी.

Advertisement

दिलचस्प बात यह है कि भारत और न्यूजीलैंड क्रिकेट इतिहास की ऐसी पहली ऐसी टीम्स बनने वाली हैं, जो आईसीसी टूर्नामेंट के तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20) के फाइनल में एक-दूसरे के आमने-सामने हुईं. भारत ने ग्रुप स्टेज में अपने चारों मुकाबले जीते थे. हालांकि सुपर-8 में उसे साउथ अफ्रीका के खिलाफ करारी हार झेलनी पड़ी. इसके बाद भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. सेमीफाइनल में सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया.

यह भी पढ़ें: छक्के, रन और विकेट... टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के 'साइलेंट मैच विनर' बने शिवम दुबे

वहीं न्यूजीलैंड लीग स्टेज के दौरान अपने ग्रुप में साउथ अफ्रीका के बाद दूसरे स्थान पर रहा. फिर सुपर-8 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच बारिश की वजह से धुल गया, जबकि इंग्लैंड से उसे करीबी हार मिली. हालांकि श्रीलंका पर बड़ी जीत ने उसके सेमीफाइनल की राह आसान कर दी. सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में साउथ अफ्रीका को 169/8 पर रोक दिया और फिर सिर्फ एक विकेट गंवाकर करीब आठ ओवर पहले ही टारगेट हासिल कर लिया.

Advertisement

देखा जाए तो टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारत का पलड़ा न्यूजीलैंड पर भारी रहा है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 30 टी20I मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान भारतीय टीम ने 18 मैचों में जीत हासिल की है, जिसमें दो सुपर ओवर में मिली जीतें भी शामिल है. वहीं न्यूजीलैंड ने 11 मैच जीते. एक मुकाबला डीएलएस नियम के तहत टाई पर भी छूटा

भारत बनाम न्यूजीलैंड H2H
कुल 'टी20 इंटरनेशनल मैच: 30
भारत ने जीते: 18
न्यूजीलैंड ने जीते: 11
टाई: 1
नो रिजल्ट: 0

हालांकि T20 वर्ल्ड कप में तस्वीर बिल्कुल अलग है. टी20 वर्ल्ड कप में भारत अभी तक न्यूजीलैंड को हरा नहीं पाया है. न्यूजीलैंड ने टी20 वर्ल्ड कप में तीनों मौकों पर भारत को परास्त किया है. 2007 के संस्करण में न्यूजीलैंड ने भारत पर 10 रनों से जीत हासिल की थी. वहीं 2016 के संस्करण में भी कीवी टीम ने भारत को 47 रनों से हरा दिया था. फिर टी20 वर्ल्ड कप 2021 में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के हाथों 8 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी.

यह भी पढ़ें: अगर बारिश से धुला भारत-न्यूजीलैंड का फाइनल, तो कौन बनेगा चैम्पियन? जानें पूरा समीकरण

देखें तो आईसीसी टूर्नामेंट्स के फाइनल में भारत-न्यूजीलैंड चौथी बार भिड़ रहे हैं. इससे पहले जो तीन मैच हुए, उसमें भारत ने एक और न्यूजीलैंड ने दो मैच में जीत हासिल की. 15 अक्टूबर 2000 को आईसीसी नॉकआउट ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड ने भारत पर चार विकेट से जीत दर्ज की. फिर साल 2021 में वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) के फाइनल में भारत को कीवी टीम ने 8 विकेट से हरा दिया था. हालांकि पिछले साल हुई आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत ने कीवियों पर 4 विकेट से दर्ज की थी.

Advertisement

अब अहमदाबाद में होने वाले फाइनल में भारतीय टीम के पास इतिहास बदलने का मौका होगा, जबकि न्यूजीलैंड की टीम टी20 वर्ल्ड कप में भारत पर अपनी बढ़त को बरकरार रखना चाहेगा. इस लिहाज से सुपर संडे (8 मार्च) को होने वाला मुकाबला किसी बड़ी जंग से कम नहीं माना जा रहा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »