आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अफगानी टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा. यह टीम ग्रुप-स्टेज में ही बाहर हो गई, जिसके बाद नेतृत्व और टीम संरचना पर सवाल उठे. वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद अब अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने कड़ा फैसला लेते हुए राशिद खान को टी20 टीम की कप्तानी से हटा दिया है.
एसीबी ने श्रीलंका के खिलाफ आगामी वनडे और टी20 सीरीज के लिए स्क्वॉड की घोषणा कर दी है. टी20 टीम की कमान सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान को सौंपी गई है. एसीबी के चीफ सेलेक्टर अहमद शाह सुलेमानखिल ने कहा, 'इब्राहिम जादरान ने राशिद खान के डिप्टी के रूप में सेवा दी थी, लेकिन अब वो इस फॉर्मेट में अफगानिस्तान के फुलटाइम कैप्टन नियुक्त किए गए हैं. हम राशिद खान के योगदान के लिए आभारी हैं और इब्राहिम को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हैं.'
एसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नसीब खान ने अफगानी टीम के वर्ल्ड कप से जल्द बाहर होने के बाद संकेत दिया था कि टीम में संरचनात्मक और नेतृत्व बदलाव संभव हैं और अब यह फैसला उसी दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.
टी20I स्क्वॉड में शराफुद्दीन अशरफ, फरीद अहमद मलिक और विकेटकीपर बल्लेबाज नूर रहमान को जगह मिली है. वहीं बिलाल सामी ODI टीम में बरकरार हैं और टी20I रिजर्व में भी शामिल किए गए हैं. सामी ने अपने दूसरे ओडीआई मैच में बांग्लादेश के खिलाफ पांच विकेट लिए थे,
नांगेयालिया खरोटे और इजाज अहमदजई टी20I रिजर्व में हैं, जबकि ODI रिजर्व में कैस अहमद, मोहम्मद सलीम सफी और बशीर अहमद को रखा गया है. अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टी20I सीरीज 13 मार्च से शारजाह में शुरू होगी. इसके बाद 20 मार्च से दुबई में तीन मैचों की ODI सीरीज खेली जाएगी.
राशिद खान को कप्तानी से हटाना अफगानी क्रिकेट में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है. अब सबकी नजर इस बात पर होगी कि इब्राहिम जादरान की अगुवाई में टीम कितनी सफल साबित होती है. टी20 वर्ल्ड कप की निराशा के बाद अफगानिस्तान ने साफ कर दिया है कि अब टीम नए नेतृत्व के साथ नई शुरुआत करने के लिए तैयार है.
अफगानिस्तान की टी20 टीम: इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), नूर रहमान (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, शाहिदुल्लाह कमाल, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, शराफुद्दीन अशरफ, राशिद खान, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, जिया उर रहमान शरीफी, फरीद अहमद मलिक और अब्दुल्ला अहमदजई.
रिजर्व: नांगेयालिया खरोटे, बिलाल सामी और इजाज अहमदजई.
अफगानिस्तान की वनडे टीम: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमत शाह (उप-कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इकराम अलिखिल (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांगेयालिया खरोटे, अल्लाह गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी, फरीद अहमद मलिक और बिलाल सामी.
रिजर्व: कैस अहमद, मोहम्मद सलीम सफी और बशीर अहमद.
aajtak.in