आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद ऋषभ पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की कप्तानी छोड़ दी थी. ऋषभ का यह फैसला अब पूरे क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है. महान बल्लेबाज सुनील बल्लेबाज ने ऋषभ के इस फैसले की खुलकर तारीफ की है, लेकिन साथ ही उन्होंने LSG के सपोर्ट स्टाफ और टीम मैनेजमेंट पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही. ऐसे में कप्तानी छोड़ने का फैसला लेकर ऋषभ पंत ने बड़ा संदेश दिया है. स्पोर्ट्स टुडे से बातचीत में गावस्कर ने कहा, 'यह एक सराहनीय फैसला है क्योंकि कप्तान ने टीम के सबसे नीचे रहने की जिम्मेदारी खुद ली है. एक लीडर के तौर पर उन्होंने स्वीकार किया कि वह टीम को ऊपर नहीं ले जा सके. जैसा कहा जाता है, आखिरकार जिम्मेदारी किसी एक पर आकर रुकती है और पंत ने उसे स्वीकार किया.'
हालांकि गावस्कर ने सिर्फ ऋषभ पंत को जिम्मेदार ठहराने पर सवाल भी उठाए. उन्होंने कहा कि किसी टीम के खराब सीजन के लिए केवल कप्तान जिम्मेदार नहीं हो सकता, सपोर्ट स्टाफ और टीम मैनेजमेंट की भी बराबर जवाबदेही होती है. गावस्कर ने कहा, 'अब सवाल यह है कि बाकी लोगों का क्या? सपोर्ट स्टाफ का क्या? टीम चयन, रणनीति और टैक्टिकल फैसले सिर्फ एक व्यक्ति नहीं लेता. कोचिंग स्टाफ और मैनेजमेंट भी उन फैसलों को प्रभावित करते हैं.' उन्होंने संकेत दिए कि लखनऊ सुपर जायंट्स को आईपीएल 2027 से पहले बड़ा बदलाव करना पड़ सकता है. गावस्कर का मानना है कि अगर टीम मैनेजमेंट और सपोर्ट स्टाफ भी खुद को जिम्मेदार मानते हैं, तो फ्रेंचाइजी को नए सिरे से शुरुआत करनी चाहिए.
सुनील गावस्कर ने आगे कहा, 'यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या सपोर्ट स्टाफ भी जिम्मेदारी स्वीकार करता है और एलएसजी को 2027 में एक क्लीन स्लेट के साथ शुरुआत करने देता है.' इस दौरान गावस्कर से हार्दिक पंड्या को लेकर भी सवाल किया गया. रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि खराब सीजन के बाद हार्दिक मुंबई इंडियंस (MI) की कप्तानी छोड़ सकते हैं. हालांकि गावस्कर ने इस मुद्दे पर जल्दबाजी से बचने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस को कोई बड़ा फैसला लेने से पहले थोड़ा समय लेना चाहिए.
सुनील गावस्कर कहते हैं, 'अभी कुछ तय नहीं हुआ है. उस कैम्प में मौजूद हर किसी को कुछ हफ्तों या शायद एक महीने के लिए थोड़ा पीछे हटकर सोचना चाहिए. इतना लंबा और भावनात्मक सीजन खेलने के बाद लोगों को खुद को संभालने का समय चाहिए. उसके बाद हार्दिक से बात कर आगे का फैसला लेना बेहतर होगा.'
उन्होंने यह भी कहा कि मुश्किल सीजन के तुरंत बाद लिए गए फैसले अक्सर भावनाओं में लिए जाते हैं, इसलिए बेहतर होगा कि सभी पक्ष शांत दिमाग से भविष्य की योजना बनाएं. आईपीएल 2027 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस दोनों में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. ऐसे में गावस्कर के बयान ने IPL टीमों में नेतृत्व, जवाबदेही और मैनेजमेंट की भूमिका को लेकर नई बहस छेड़ दी है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क