भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का पल आया है. पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और भारतीय महिला क्रिकेट की दिग्गज अंजुम चोपड़ा को ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है. इंग्लैंड के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज केविन पीटरसन भी 2026 की इस प्रतिष्ठित सूची का हिस्सा बने हैं.
सौरव गांगुली ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले 10वें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं. वहीं अंजुम चोपड़ा यह सम्मान हासिल करने वाली तीसरी भारतीय महिला क्रिकेटर हैं. तीन नए खिलाड़ियों के शामिल होने के बाद ICC हॉल ऑफ फेम में जगह बनाने वाले दिग्गजों की कुल संख्या 125 हो गई है.
गांगुली ने भारतीय क्रिकेट को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई. उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने विदेशी धरती पर जीतना सीखा और कई युवा खिलाड़ियों को इंटरनेशनल मंच पर मौका भी मिला.
वहीं अंजुम चोपड़ा भारतीय महिला क्रिकेट की शुरुआती सुपरस्टार्स में गिनी जाती हैं, जिन्होंने भारतीय विमेंस टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में बड़ा योगदान दिया है.
यह भी पढ़ें: क्रांति गौड़ ने लॉर्ड्स में रचा इतिहास, ऐसा करने वाली पहली महिला क्रिकेटर
ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल होने के बाद गांगुली ने इसे अपने करियर के सबसे यादगार पलों में से एक बताया. अंजुम ने भी इस सम्मान को भारतीय महिला क्रिकेट के लिए गर्व का क्षण बताया.
ICC चेयरमैन जय शाह ने भी बधाई दी
जय शाह ने कहा, 'मुझे ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल हुए नए दिग्गजों का स्वागत करते हुए बेहद खुशी हो रही है. यह सम्मान उन महान खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन और योगदान से क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है. सौरव गांगुली, अंजुम चोपड़ा और केविन पीटरसन ने अपने-अपने देशों की कप्तानी पूरे गर्व और सम्मान के साथ की. ICC की ओर से मैं तीनों को इस सम्मान के लिए दिल से बधाई देता हूं.'
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क