क्रिकेट जगत में कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं जो सिर्फ रिकॉर्ड नहीं बनाते, बल्कि इस खेल को खेलने का तरीका ही बदल देते हैं. ऑलराउंडर सनथ जयसूर्या भी उन्हीं खिलाड़ियों में से एक हैं. श्रीलंका के पू्र्व कप्तान जयसूर्या मंगलवार (30 जून) को 57 साल के हो गए. जयसूर्या ने 1990 के दशक में ओडीआई क्रिकेट में ऐसी आक्रामक बल्लेबाजी की शुरुआत की, जिसने टीम्स की सोच और रणनीति दोनों बदल दी. 1996 के वर्ल्ड कप में उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने श्रीलंका को पहली बार विश्व चैम्पियन बनाया और उन्हें दुनिया का सबसे खतरनाक बल्लेबाज बना दिया.
पहले बल्लेबाज ओडीआई क्रिकेट में शुरुआती ओवरों के दौरान संभलकर खेलते थे. लेकिन सनथ जयसूर्या और रोमेश कालूवितरणा की ओपनिंग जो़डी ने 1996 के वर्ल्ड कप के दौरान इस सोच को पूरी तरह बदल दिया. दोनों ने शुरुआत से ही गेंदबाजों पर हमला बोलना शुरू किया और विरोधी टीमों को संभलने का मौका नहीं दिया.
इंग्लैंड के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में सनथ जयसूर्या ने सिर्फ 44 गेंदों पर 82 रन ठोककर मैच एकतरफा कर दिया. वहीं भारत के खिलाफ दिल्ली में आयोजित लीग मैच में कालूवितरणा के साथ मिलकर पहले तीन ओवरों में ही 42 रन जोड़ दिए. उस दिन मनोज प्रभाकर की ऐसी धुनाई हुई कि उन्हें बीच मैच में ऑफ स्पिन फेंकनी पड़ी.
1996 वर्ल्ड कप के सबसे बड़ी हीरो
उस पूरे टूर्नामेंट में सनथ जयसूर्या ने बल्ले और गेंद दोनों से कमाल किया, उन्होंने 6 मैचों में 131.54 की स्ट्राइक रेट से 225 रन बनाए जिसमें दो अर्धशतक शाामिल रहे. गेंदबाजी में भी उन्होंने दमदार खेल दिखाते हुए 33.00 की औसत से सात विकेट झटके. उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर श्रीलंका चैम्पियन बना और जयसूर्या 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुने गए.
साल 1996 में पाकिस्तान के खिलाफ सिंगर कप फाइनल में सनथ जयसूर्या ने वनडे इंटरनेशनल इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक लगाया. तब उन्होंने सिर्फ 17 गेंदों में 50 रन पूरे किए थे. उन्होंने कुल मिलाकर 28 गेंदों पर 76 रनों की तूफानी पारी खेली थी, जिसमें 8 चौके और 5 छक्के शामिल थे. उनका यह रिकॉर्ड करीब 19 सालों तक कायम रहा. आखिरकार 2015 में सााउथ अफ्रीका के एबी डिविलियर्स ने 16 गेंदों में अर्धशतक लगाकर ये रिकॉर्ड तोड़ा.
...जब भारत के खिलाफ जड़ा तिहरा शतक
सनथ जयसूर्या को सिर्फ सीमित ओवरों का बल्लेबाज मानना गलत होगा. 1997 में भारत के खिलाफ कोलंबो टेस्ट में उन्होंने 340 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली. उस समय यह किसी भी श्रीलंकाई बल्लेबाज का सर्वोच्च टेस्ट स्कोर था. इसके बाद 1998 में लंदन के ओवल मैदान पर 213 रन और 2000 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ गॉल टेस्ट में सिर्फ 156 गेंदों पर 148 रन बनाकर उन्होंने साबित कर दिया कि वह हर फॉर्मेट के खिलाड़ी हैं.
सनथ जयसूर्या दुनिया के उन चुनिंदा क्रिकेटर्स में शामिल हैं जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से मैच जिताए. उन्होंने 110 टेस्ट मैचों में 6973 रन बनाए, जिसमें 14 शतक और 31 अर्धशतक शामिल रहे. 445 वनडे इंटरनेशनल मैचों में उनके नाम पर 13430 रन दर्ज हैं. उन्होंने ओडीआई क्रिकेट में 28 शतक और 68 अर्धशतक लगाए. इसके अलावा वनडे इंटरनेशनल में 323 विकेट भी हासिल किए. उन्होंने श्रीलंका के लिए 31 टी20 इंटरनेशनल मैच भी खेले, जिसमें 629 रन बनाए. इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने कुल 440 विकेट झटके.
तीन शादियां कीं, वीडियो टेप लीक करवाया
क्रिकेट के मैदान पर सनथ जयसूर्या की कहानी जितनी शानदार रही, निजी जिंदगी उतनी ही विवादों से भरी रही. तीन शादियां, असफल रिश्ते और एक सीक्रेट वीडियो लीक विवाद ने उन्हें कई बार सुर्खियों में ला खड़ा किया. उन्होंने तीन शादियां कीं, लेकिन कोई भी रिश्ता लंबे समय तक नहीं चल पाया. 1998 में एयर श्रीलंका की ग्राउंड होस्टेस सुमुदु करुणानायक से जयसूर्या की पहली शादी हुई, जो एक साल में टूट गई.
इसके बाद सनथ जयसूर्या ने साल 2000 में एयर होस्टेस संद्रा डिसिल्वा से शादी की, जिनसे उनके तीन बच्चे हैं. बाद में उनका नाम श्रीलंकाई अभिनेत्री मलिका सिरिसेना के साथ जुड़ा. दोनों ने 2012 में मंदिर में गुपचुप शादी की, लेकिन कुछ समय बाद यह रिश्ता भी खत्म हो गया. अलगाव के बाद मलिका ने एक बिजनेसमैन से शादी कर ली. रिपोर्ट के अनुसार जयसूर्या इसके चलते काफी आहत हुए और उन्होंने मलिका का आपत्तिजनक वीडियो टेप लीक करवा दिया.
सनथ जयसूर्या ने 38 साल की उम्र में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था. जबकि 42 साल की उम्र में उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया. जयसूर्या बाद में श्रीलंकाई टीम के हेड कोच भी बने. इस साल आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका के खराब प्रदर्शन के बाद उन्होंने हेड कोच का पद छोड़ दिया था.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क