IPL 2026 के जयपुर में शुक्रवार (1 मई) को खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने शानदार बल्लेबाजी के दम पर राजस्थान रॉयल्स (RR) को 7 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में जोरदार वापसी की. 226 रन के बड़े लक्ष्य को दिल्ली ने सिर्फ 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया, जो उनके IPL इतिहास का सबसे बड़ा सफल चेज बन गया.
इस जीत के हीरो रहे केएल राहुल (75) और पथुम निसंका (62), जिन्होंने पहले विकेट के लिए 9.3 ओवर में 102 रन जोड़कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. शुरुआत में थोड़ा धीमे दिखे राहुल ने बाद में क्लासिक शॉट्स की झड़ी लगा दी. कवर ड्राइव, पुल और सीधे छक्कों से उन्होंने RR के गेंदबाजों को बेबस कर दिया.
निसंका ने भी कमाल की बल्लेबाजी की और खासतौर पर पुल शॉट में अपनी ताकत दिखाई. उन्होंने तीन छक्के जड़े और टीम को मजबूत शुरुआत दी. राहुल ने 27 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जबकि निसंका 23 गेंदों में ही पचासा जड़ चुके थे.
दोनों के आउट होने के बाद भी दिल्ली की रफ्तार नहीं रुकी. नीतीश राणा (33) ने राहुल के साथ अहम साझेदारी की, जबकि अंत में आशुतोष शर्मा और ट्रिस्टन स्टब्स ने मैच को आसानी से फिनिश कर दिया.
इससे पहले राजस्थान की ओर से कप्तान रियान पराग ने शानदार वापसी करते हुए 50 गेंदों में 90 रन ठोके. हाल ही में आलोचनाओं और विवादों से जूझ रहे पराग ने अपने प्रदर्शन से सबको जवाब दिया. उन्होंने ध्रुव जुरेल (42) के साथ 102 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.
हालांकि शुरुआत राजस्थान के लिए बेहद खराब रही थी. वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल जल्दी आउट हो गए, जिससे टीम 12/2 पर संघर्ष कर रही थी. ऐसे में पराग ने जिम्मेदारी संभाली और दमदार पारी खेली.
दिल्ली की ओर से मिचेल स्टार्क (3/40) ने अहम विकेट चटकाए. अंत में डोनोवन फरेरा ने 14 गेंदों में 47 रन ठोककर राजस्थान को 225/6 तक पहुंचाया.
लेकिन गेंदबाजी में RR पूरी तरह फ्लॉप रही. जोफ्रा आर्चर ने इस सीजन में सबसे ज्यादा 46 रन खर्च किए, जबकि बाकी गेंदबाज भी महंगे साबित हुए.
इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स 8 अंकों के साथ छठे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि राजस्थान रॉयल्स 12 अंकों के बावजूद चौथे स्थान पर बनी हुई है.
RR vs DC IPL 2026 मैच में बने बड़े रिकॉर्ड
IPL में DC के लिए सबसे बड़े रनचेज
226 vs RR, जयपुर, 2026*
210 vs LSG, वाइजैग, 2025
209 vs GL, दिल्ली, 2017
207 vs PBKS, जयपुर, 2025
RR के खिलाफ दूसरी सबसे बड़ी चेज (SRH - 229 के बाद)
RR ने जयपुर में 2025 के बाद 7 में से 6 मैच गंवाए
KL Rahul ने RR के खिलाफ 18 पारियों में 826 रन, औसत 51.62
IPL में RR के खिलाफ सबसे ज्यादा 50+ स्कोर:
8 - एबी डिविलियर्स (20 इनिंग्स)
8 - केएल राहुल (18 इनिंग्स)*
7 - शिखर धवन (24 इनिंग्स)
7 - विराट कोहली (33 इनिंग्स)
IPL में DC के लिए पावरप्ले के अंदर 50+ स्कोर
78 - जेक फ्रेजर-मैकगर्क बनाम MI, दिल्ली, 2024
50 - जेक फ्रेजर-मैकगर्क बनाम RR, दिल्ली, 2024
50 - करुण नायर बनाम MI, दिल्ली, 2025
50 - पथुम निसंका बनाम RR, जयपुर, 2026*
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क