Rohit Sharma India vs New Zealand: 'आपको पता होना चाहिए', खराब फॉर्म के सवाल पर भड़के रोहित शर्मा, लगाई फटकार

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर मैच में अपने करियर का 30वां वनडे शतक लगाया. उसके बाद से ब्रॉडकास्टर लगातार यह दिखाते रहे कि जनवरी 2020 के बाद यह रोहित का पहला वनडे शतक है. इसी मामले में मैच के बाद रोहित ने अपना गुस्सा जाहिर किया...

Advertisement
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा. (Getty) भारतीय कप्तान रोहित शर्मा. (Getty)

aajtak.in

  • इंदौर,
  • 25 जनवरी 2023,
  • अपडेटेड 3:10 PM IST

Rohit Sharma India vs New Zealand: न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में शतक लगाने वाली भारतीय कप्तान रोहित शर्मा मैच के बाद काफी नाराज नजर आए. तीन साल में यह पहला वनडे शतक बताने पर रोहित ने ब्रॉडकास्टर को फटकार लगाई और कहा कि आपको सही चीजें पता होनी चाहिए. रोहित शर्मा ने कहा कि उन्होंने पिछले तीन साल में अलग-अलग कारणों से काफी कम वनडे मैच खेले.

Advertisement

रोहित ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में अपना 30वां वनडे शतक लगाया. उसके बाद से ब्रॉडकास्टर लगातार यह दिखाते रहे कि जनवरी 2020 के बाद यह उनका पहला शतक है. आंकड़े भले ही सही हों, लेकिन रोहित का कहना है कि इससे सही तस्वीर नहीं जा रही.

'ब्रॉडकास्टर को भी सही चीज दिखाना चाहिए'

कप्तान रोहित शर्मा ने कहा, 'तीन साल में भले ही यह पहला शतक हो लेकिन मैने इस दौरान 12 वनडे ही खेले. आपको पता होना चाहिए कि क्या हो रहा है. मुझे पता है कि प्रसारण के दौरान यह दिखाया गया, लेकिन कभी-कभी वो चीज भी ध्यान देना चाहिए. ब्रॉडकास्टर को भी सही चीज दिखाना चाहिए.'

यह पूछने पर कि क्या यह 'हिटमैन' की वापसी है, उन्होंने कहा, 'जैसा कि मैंने कहा कि 2020 में मैच नहीं थे. कोरोना के कारण सब घरों में बंद थे. हमने वनडे नहीं खेले और मैं चोटिल भी था. उन सब बातों को ध्यान में रखना चाहिए. हम पिछले साल टी20 क्रिकेट खेल रहे थे और उसमें इस समय सूर्यकुमार यादव से बेहतर बल्लेबाज कोई नहीं है. उसने दो शतक लगाए हैं और मुझे नहीं लगता कि किसी और ने ऐसा किया है.'

Advertisement

रैंकिंग वगैरह से फर्क नहीं पड़ता: रोहित

रोहित ने बताया कि मैच में कैसे शार्दुल ठाकुर, हार्दिक पंड्या और विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लाथम को आउट करने की योजना बनाई. उन्होंने कहा, 'इस प्रारूप में आपको अपने हुनर का इस्तेमाल करना है और शार्दुल के पास वह है. उसने शानदार गेंद पर टॉम लाथम को आउट किया. इसकी योजना विराट, हार्दिक और शार्दुल ने बनाई थी.'

कप्तान ने शतक बनाने वाले शुभमन गिल की तारीफ करते हुए कहा, 'इस सीरीज में जिस तरह उसने बल्लेबाजी की है, ज्यादा कुछ बोलने की जरूरत नहीं है. वह अपने खेल को समझता है और उसने पारी के सूत्रधार की भूमिका निभाई.'

इस जीत के साथ भारत वनडे रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गया लेकिन रोहित ने कहा, 'ईमानदारी से कहूं तो रैंकिंग वगैरह से फर्क नहीं पड़ता. इस सीरीज से पहले हम चौथे स्थान पर थे. पता नहीं कैसे हम चौथे स्थान पर थे क्योकि हमने तो कोई सीरीज गंवाई थी. हम इस पर ज्यादा विचार नहीं करते. हर सीरीज से आत्मविश्वास बढ़ता है.'

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »