PBKS vs MI, IPL 2026 Live Score: आज पंजाब जीती तो पहुंचेगी नंबर 3 पर, मुंबई से धर्मशाला में भ‍िड़ंत, हार्द‍िक रहेंगे बाहर?

Punjab Kings vs Mumbai Indians, IPL Live Cricket Score: धर्मशाला में गुरुवार (14 मई) को पंजाब किंग्स की मुंबई इंड‍ियंस से भ‍िड़ंत है. मुंबई आईपीएल की प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी है. पंजाब की टीम अगर जीतती है तो पॉइंट टेबल में तीसरे नंबर पर होगी.

Advertisement
PBKS vs MI, IPL 2026 Live Score (Photo: PTI ) PBKS vs MI, IPL 2026 Live Score (Photo: PTI )

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • धर्मशाला ,
  • 14 मई 2026,
  • अपडेटेड 4:10 PM IST

IPL 2026 में गुरुवार को धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस आमने.सामने होंगी.

यह मैच शाम साढ़े 7 बजे शुरू होगा, और टॉस 7 बजे होगी. इस मैच की लाइव अपडेट और स्कोरकार्ड के लिए इस पेज को र‍िफ्रेश करते रहें.  

वैसे सीजन की शुरुआत में जब दोनों टीमें भिड़ी थीं तब तस्वीर बिल्कुल अलग थी, पंजाब ने मुंबई के खिलाफ 196 रन का लक्ष्य 21 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया था और उस वक्त टीम लगातार शानदार फॉर्म में थी.

Advertisement

लेकिन अब हालात बदल चुके हैं, पंजाब किंग्स लगातार चार मैच हार चुकी है और टीम चौथे स्थान पर खिसक गई है, बल्लेबाजों ने शुरुआत में टीम को संभाला, मगर गेंदबाजी की कमजोरियां लगातार सामने आती रहीं. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 264 रन भी बचा नहीं पाना इसका सबसे बड़ा उदाहरण रहा. 

अब पंजाब के सामने सीधा समीकरण है, अगर टीम अपने बाकी तीनों मैच जीत लेती है तो टॉप 2 में जगह लगभग तय हो जाएगी. ऐसे में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबला पंजाब के लिए बेहद अहम बन गया है. 

मुंबई इंडियंस की बात करें तो टीम पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है. हालांकि ऐसी स्थिति में टीमें बिना दबाव के खेलती हैं और विपक्षी टीमों के लिए खतरा बन जाती हैं. मुंबई ने पिछले मुकाबले में RCB के खिलाफ आखिरी गेंद पर हार झेली थी, लेकिन टीम के कई स्टार खिलाड़ी अब भी अपनी छाप छोड़ने की कोशिश में हैं.

Advertisement

जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या जैसे बड़े नामों का प्रदर्शन इस सीजन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा. ऐसे में मुंबई चाहेगी कि आखिरी मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन करके सीजन का अंत सकारात्मक अंदाज में किया जाए. 

धर्मशाला में फिर दिख सकता है रनफेस्ट
मैच से पहले धर्मशाला में बारिश हुई थी और गुरुवार दोपहर हल्की बारिश की संभावना भी है. हालांकि मुकाबले में रुकावट की उम्मीद नहीं है. इस मैदान पर पिछला मैच हाई.स्कोरिंग रहा था, जहां 210 रन भी सुरक्षित नहीं रहे.

पिच पर तेज गेंदबाजों को सीम मूवमेंट और उछाल मिल रही है. पंजाब.दिल्ली मैच में एक भी ओवर स्पिन नहीं डाला गया था. पतली हवा के कारण गेंद आसानी से बाउंड्री पार जा रही है, इसलिए एक और 200+ स्कोर वाला मुकाबला देखने को मिल सकता है.

MI vs PBKS हेड टू हेड
दोनों टीमों के बीच अब तक कांटे की टक्कर रही है. पंजाब ने 18 मुकाबले जीते हैं जबकि मुंबई के खाते में 17 जीत हैं. धर्मशाला में दोनों टीमों के बीच सिर्फ एक मैच खेला गया था, जिसे पंजाब ने 2013 में जीता था.

पंजाब की नजर गेंदबाजी सुधार पर
पंजाब के लिए सबसे बड़ी चिंता गेंदबाजी रही है. लॉकी फर्ग्यूसन पिछले मैच में चोट के कारण नहीं खेले थे और उनकी फिटनेस पर अब भी सस्पेंस बना हुआ है. अगर वह फिट नहीं होते तो जेवियर बार्टलेट को मौका मिल सकता है.

Advertisement

युजवेंद्र चहल इस मुकाबले में अहम भूमिका निभा सकते हैं. उन्होंने रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव को पहले भी काफी परेशान किया है. हालांकि तिलक वर्मा के खिलाफ उनका रिकॉर्ड कमजोर रहा है.

मुंबई में हार्दिक पर सस्पेंस
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या अब तक धर्मशाला नहीं पहुंचे थे. वह पिछले दो मैचों से पीठ की समस्या से जूझ रहे हैं और उनका खेलना तय नहीं माना जा रहा. हालांकि सूर्यकुमार यादव के उपलब्ध रहने की उम्मीद है.

मुंबई अतिरिक्त तेज गेंदबाज के साथ उतर सकती है. कॉर्बिन बॉश ने पिछले मैच में चार विकेट लेकर प्रभावित किया था, इसलिए ट्रेंट बोल्ट का खेलना मुश्किल माना जा रहा है.

पंजाब किंग्स संभावित प्लेइंग XI: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोइनिस, शशांक सिंह, सूर्यांश शेडगे, मार्को यानसेन, जेवियर बार्टलेट/लॉकी फर्ग्यूसन, यश ठाकुर, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल

मुंबई इंडियंस संभावित प्लेइंग XI: रयान रिकेल्टन, रोहित शर्मा, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, विल जैक्स, राज अंगद बावा, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, एएम गजनफर, जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर/आश्विनी कुमार

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement