लीड्स टेस्ट में इंग्लैंड के हाथों पारी और 103 रन से मिली करारी हार ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. हेडिंग्ले में पाकिस्तानी टीम पूरे मुकाबले में कहीं भी इंग्लैंड को टक्कर देती नजर नहीं आई. अब इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने इस प्रदर्शन पर टीम को आड़े हाथों लिया है, जिसने पाकिस्तान क्रिकेट की हालत पर नई बहस छेड़ दी है.
वॉन ने कहा कि उन्होंने अपने क्रिकेट करियर में इससे ज्यादा कमजोर और डरी-सहमी पाकिस्तानी टीम नहीं देखी. वहीं, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान रमीज राजा ने भी टीम की स्थिति पर चिंता जताई है.
हेडिंग्ले में खेला गया पहला टेस्ट मुश्किल से तीसरे दिन के टी ब्रेक तक पहुंच सका. तीसरे दिन बारिश के कारण करीब आधे दिन का खेल जरूर प्रभावित हुआ, लेकिन इसके बावजूद इंग्लैंड ने मैच को टी ब्रेक से पहले ही खत्म कर दिया.
पहली पारी में पाकिस्तान की बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ा गई थी. इसके बाद उम्मीद थी कि दूसरी पारी में टीम वापसी करेगी और इंग्लैंड को चैलेंज देगी. लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ.
इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने एक बार फिर सरेंडर कर दिया. पूरी टीम दूसरी पारी में सिर्फ 37.3 ओवर खेल सकी और 135 रन पर ऑलआउट हो गई. इस तरह इंग्लैंड ने पारी और 103 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया.
इंग्लैंड के लिए यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि जो रूट ने बतौर कप्तान दोबारा जिम्मेदारी संभालते हुए अपने नए कार्यकाल की शुरुआत की. हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में इंग्लैंड को हार मिली थी. इसके अलावा बेन स्टोक्स का रिटायरमेंट और ब्रेंडन मैकुलम का कोच पद से हटना भी दो सीरीज के बीच हुआ. इन तमाम बदलावों के बीच रूट की कप्तानी में मिली यह जीत इंग्लैंड के लिए राहत लेकर आई.
पेसर्स ने खोल दी पाकिस्तान की बल्लेबाजी की पोल
तीसरे दिन इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 43 रन और जोड़े और स्कोर को 409 रन तक पहुंचाया. पाकिस्तान ने पहली पारी में सिर्फ 171 रन बनाए थे. इस तरह इंग्लैंड को 238 रन की विशाल बढ़त मिल गई. इसके बाद इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने पाकिस्तान को दोबारा संभलने का मौका नहीं दिया.
पहली पारी में पांच-पांच विकेट लेने वाले जोश टंग और ओली रॉबिन्सन ने दूसरी पारी में भी तीन-तीन विकेट झटके. जोफ्रा आर्चर ने उनका पूरा साथ दिया और तीन विकेट अपने नाम किए.
पाकिस्तान की तरफ से दूसरी पारी में सिर्फ मोहम्मद रिजवान (41) कुछ हद तक संघर्ष करते नजर आए. बाकी बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके. इमाम-उल-हक का प्रदर्शन तो और भी खराब रहा. पहली पारी में बिना खाता खोले आउट होने के बाद वह दूसरी पारी में भी शून्य पर पवेलियन लौट गए.
'इतनी डरी हुई पाकिस्तानी टीम नहीं देखी'
पाकिस्तान के इस प्रदर्शन ने माइकल वॉन को भी हैरान कर दिया. BBC के 'टेस्ट मैच स्पेशल' पॉडकास्ट पर बात करते हुए पूर्व इंग्लिश कप्तान ने पाकिस्तान की जमकर आलोचना की. वॉन ने कहा कि उन्होंने अपने पूरे क्रिकेट करियर में इतनी कमजोर और डरी हुई पाकिस्तानी टीम नहीं देखी.
वॉन ने यह भी कहा कि उन्हें इस तरह पाकिस्तान को खेलते देखकर दुख हुआ. उन्होंने कई पाकिस्तानी टीमों को खेलते देखा है, लेकिन इस टीम में वह जज्बा और फाइटिंग स्पिरिट नजर नहीं आई, जिसके लिए पाकिस्तान की टीमें लंबे समय से जानी जाती रही हैं.
रमीज राजा ने भी दिखाई पाकिस्तान क्रिकेट को तस्वीर
माइकल वॉन अकेले ऐसे पूर्व क्रिकेटर नहीं हैं जिन्होंने पाकिस्तान के प्रदर्शन पर सवाल उठाए हैं. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान रमीज राजा ने भी टीम की मौजूदा स्थिति पर गंभीर चिंता जताई. रमीज के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट का सबसे पहला और महत्वपूर्ण स्तंभ उसके फैन्स हैं, लेकिन अब यहीं फैन्स टीम से निराश हो चुके हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि जब टीम लगातार इस तरह का प्रदर्शन करेगी तो आखिर फैंस उसका समर्थन क्यों करेंगे?
रमीज ने पाकिस्तान के टेस्ट रिकॉर्ड का भी जिक्र किया. 2023 के बाद से पाकिस्तान ने सिर्फ 5 टेस्ट मैच जीते हैं. इनमें से 4 जीत उसे अपने घरेलू मैदान पर मिली हैं. इन जीतों में एक पैटर्न भी दिखाई देता है. पाकिस्तान ने स्पिन गेंदबाजी पर काफी ज्यादा निर्भरता दिखाई है. यानी जिस टीम की पहचान कभी तेज गेंदबाजी के लिए होती थी, उसका फोकस अब स्पिन पर ज्यादा नजर आ रहा है.
रमीज के मुताबिक PCB ऐसी टीम तैयार कर रहा है जो सिर्फ चुनिंदा परिस्थितियों और पिचों पर ही मुकाबले जीत सकती है. विदेशी परिस्थितियों में यही रणनीति पाकिस्तान के लिए मुश्किल खड़ी कर रही है.
पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट 27 अगस्त से लॉर्ड्स में खेला जाएगा. लीड्स में हार के बाद पाकिस्तान के पास वापसी के लिए ज्यादा समय नहीं है. पहले टेस्ट में पाकिस्तान के हाल ही में कप्तान बनाए गए बाबर आजम भी नहीं खेल सके थे. उन्हें उंगली में चोट लगी थी. उनकी गैरमौजूदगी में पहली बार T20I कप्तान सलमान आगा ने टेस्ट टीम की कमान संभाली.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क