मीरपुर के शेर-ए बांग्ला नेशनल स्टेडियम में बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है. इस मुकाबले में पाकिस्तानी टीम के सलामी बल्लेबाज अजान अवैस ने शानदार प्रदर्शन किया है. अवैस ने अपने डेब्यू टेस्ट मैच में ही शतक जड़ दिया.
21 वर्षीय अजान अवैस ने मुकाबले के तीसरे दिन (10 मई) अपनी शानदार इनिंग्स को शतक में बदला और क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. पाकिस्तानी टीम की पहली पारी में अजान अवैस ने 14 चौके की मदद से 165 बॉल पर 103 रन बनाए. अवैस को तस्कीन अहमद ने नजमुल हुसैन शांतो के हाथों कैच आउट कराया.
अजान अवैस डेब्यू टेस्ट में शतक लगाने वाले 14वें पाकिस्तानी बल्लेबाज हैं. उन्होंने इस खास सूची में जावेद मियांदाद, यूनुस खान और फवाद आलम जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के साथ अपना नाम दर्ज करा लिया. दूसरे दिन स्टम्प तक अवैस 85 रनों पर नाबाद थे. खेल के तीसरे दिन अवैस ने सावधानीपूर्वक बल्लेबाजी की. पारी के 51वें ओवर में नाहिद राणा की पांचवीं लीगल गेंद पर अवैस ने सिंगल लेकर अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया.
शतक जड़ने के बाद अजान अवैस ने हेलमेट उतारा और खुशी से मुट्ठी हवा में लहराई. उनके चेहरे पर बड़ी मुस्कान थी और उन्होंने सजदा भी किया. घरेलू क्रिकेट में अवैस काऔसत करीब 49 का है और उन्होंने डेब्यू टेस्ट मैच में भी अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया. अवैस शुरुआत से ही आत्मविश्वास से भरे दिखे और मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाए. पारी की शुरुआत में नाहिद राणा की बाउंसर गेंद पर लगी चोट से अवैस थोड़ा लड़खड़ा गए, लेकिन उन्होंने खुद को संभाला और शानदार पारी खेली.
पाकिस्तान के लिए टेस्ट डेब्यू पर शतक
• खालिद इबादुल्ला- 166 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, 1964
• जावेद मियांदाद- 163 रन बनाम न्यूजीलैंड, 1976
• सलीम मलिक- 100* रन बनाम श्रीलंका, 1982
• मोहम्मद वसीम- 109* रन बनाम न्यूजीलैंड, 1996
• अली नकवी- 115 रन बनाम साउथ अफ्रीका, 1997
• अजहर महमूद- 128* रन बनाम साउथ अफ्रीका, 1997
• यूनुस खान- 107 रन बनाम श्रीलंका, 2000
• तौफीक उमर- 104 रन बनाम बांग्लादेश, 2001
• यासिर हमीद- 170 रन & 105 रन बनाम बांग्लादेश, 2003
• फवाद आलम- 168 रन बनाम श्रीलंका, 2009
• उमर अकमल- 129 रन बनाम न्यूजीलैंड, 2009
• आबिद अली- 109* रन बनाम श्रीलंका, 2019
• कामरान गुलाम- 114 रन बनाम इंग्लैंड, 2024
• अजान अवैस- 103 रन बनाम बांग्लादेश, 2026
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क