साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने उम्र को चुनौती देते हुए T20 क्रिकेट में ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा. मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 के उद्घाटन मुकाबले में टेक्सास सुपर किंग्स के कप्तान फाफ ने नाबाद 113 रन की विस्फोटक पारी खेलकर पुरुष T20 क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज़ बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया.
सिएटल ऑर्कास और टेक्सास सुपर किंग्स के बीच खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सिएटल ने विशाल स्कोर खड़ा किया. कप्तान टिम सिफर्ट ने 66 गेंदों में 104 रन की शानदार पारी खेली, जबकि शायन जहांगीर ने 47 गेंदों पर 78 रन बनाकर टीम को 220 रन तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई.
221 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी टेक्सास सुपर किंग्स को दूसरे ही गेंद पर पहला झटका लग गया, जब सैतेजा मुक्कामल्ला आउट हो गए. हालांकि दूसरे छोर पर खड़े फाफ डु प्लेसिस ने दबाव को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया.
उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की और पहली नौ गेंदों में ही 31 रन बटोर लिए. फाफ ने सिर्फ 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. इसके बाद उन्होंने रफ्तार और बढ़ाई तथा अगली 21 गेंदों में शतक तक पहुंच गए. 52 गेंदों में नाबाद 113 रन की उनकी पारी में चौकों और छक्कों की शानदार बारिश देखने को मिली. उनकी पारी में 9 चौके और 7 छक्के आए.
यह फाफ के T20 करियर का नौवां शतक था, लेकिन खास बात यह रही कि यह उनके करियर का सबसे तेज T20 शतक भी साबित हुआ. उन्होंने यह उपलब्धि अपने 42वें जन्मदिन से करीब एक महीने पहले हासिल की.
पुरुष T20 क्रिकेट में सबसे उम्रदराज़ शतकवीर बने फाफ
इस पारी के दौरान फाफ डु प्लेसिस की उम्र 41 वर्ष और 340 दिन थी. इसके साथ ही उन्होंने पुरुष T20 क्रिकेट में सबसे उम्रदराज़ शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के पूर्व कप्तान पॉल कॉलिंगवुड के नाम था, जिन्होंने 41 वर्ष 65 दिन की उम्र में शतक जड़ा था.
फाफ अब 40 साल की उम्र पार करने के बाद तीन T20 शतक लगाने वाले चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हैं. इस सूची में पॉल कॉलिंगवुड, ग्राहम हिक और रवि बोपारा जैसे दिग्गजों का नाम भी शामिल है.
हालांकि पुरुष और महिला दोनों वर्गों को मिलाकर सबसे उम्रदराज़ T20 शतक का रिकॉर्ड बहरीन की दीपिका रसांगिका के नाम है. उन्होंने 41 वर्ष 364 दिन की उम्र में T20 शतक लगाया था.
पुरुष T20 क्रिकेट में सबसे उम्रदराज शतक लगाने वाले बल्लेबाज
| खिलाड़ी | रन | उम्र |
| फाफ डु प्लेसिस | 113* | 41 वर्ष 340 दिन |
| पॉल कॉलिंगवुड | 108* | 41 वर्ष 65 दिन |
| ग्रीम हिक | 110 | 41 वर्ष 37 दिन |
| फाफ डु प्लेसिस | 103* | 40 वर्ष 351 दिन |
| फाफ डु प्लेसिस | 100 | 40 वर्ष 342 दिन |
| रवि बोपारा | 105* | 40 वर्ष 122 दिन |
फाफ डु प्लेसिस का यह रिकॉर्ड सिर्फ एक शतक नहीं, बल्कि फिटनेस, निरंतरता और एक्सपीरियंस की ताकत का शानदार उदाहरण है. 41 साल की उम्र में जिस अंदाज में उन्होंने गेंदबाजों की धुनाई की, उसने साबित कर दिया कि क्रिकेट में उम्र नहीं बल्कि प्रदर्शन मायने रखता है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क