भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने नॉर्थ-ईस्ट भारत में क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर को नई ऊंचाई देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए छह अत्याधुनिक इंडोर क्रिकेट अकादमियों का उद्घाटन किया. यह उद्घाटन गंगटोक में आयोजित एक राज्य समारोह के दौरान वर्चुअली किया गया.
इन अकादमियों का निर्माण भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा किया गया है, जो क्षेत्र में क्रिकेट के विकास को नई दिशा देगा. ये हाई-परफॉर्मेंस सेंटर रंगपो, दोइमुख, इंफाल, मदनकुरकलंग, आइजोल और दीमापुर में स्थापित किए गए हैं.
उद्घाटन समारोह में जय शाह भी मौजूद रहे, जो इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के चेयरमैन हैं. BCCI के अन्य अधिकारी और पदाधिकारी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए, जबकि बाकी राज्यों के प्रतिनिधि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े.
यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट जय शाह के BCCI सचिव रहते हुए शुरू किया गया था, जिसकी आधारशिला मई 2024 में रखी गई थी. इसका उद्देश्य नॉर्थ-ईस्ट में क्रिकेट के इकोसिस्टम को मजबूत करना और उभरते खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देना है.
इन अकादमियों में इंडोर प्रैक्टिस पिच, हाई-टेक जिम, टेम्परेचर कंट्रोल्ड स्विमिंग पूल और आधुनिक ट्रेनिंग ब्लॉक जैसी सुविधाएं मौजूद हैं. खासतौर पर नॉर्थ-ईस्ट में लंबे मॉनसून को ध्यान में रखते हुए इन्हें इस तरह डिजाइन किया गया है कि खिलाड़ी सालभर अभ्यास कर सकें.
इस पहल से खिलाड़ियों को अब ट्रेनिंग के लिए देश के दूसरे हिस्सों में जाने की जरूरत काफी हद तक कम हो जाएगी. साथ ही, यह प्रोजेक्ट नॉर्थ-ईस्ट राज्यों को भारतीय घरेलू क्रिकेट ढांचे में शामिल करने के बाद एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
BCCI अध्यक्ष मिथुन मनहास ने इसे समावेशी विकास की दिशा में अहम कदम बताया. वहीं सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि यह पहल क्षेत्र के खिलाड़ियों को निरंतर ट्रेनिंग और बेहतर प्रदर्शन का मौका देगी. उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इसे नॉर्थ-ईस्ट के टैलेंट को राष्ट्रीय स्तर पर लाने वाला प्लेटफॉर्म बताया.
BCCI के अन्य पदाधिकारियों ने भी माना कि यह प्रोजेक्ट भविष्य में भारतीय क्रिकेट को और गहराई और मजबूती देगा, जहां देश के हर कोने से टैलेंट उभरकर सामने आएगा.
नितिन कुमार श्रीवास्तव