आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद मैदान के बाहर भी एक ऐसा पल देखने को मिला जिसने सभी का ध्यान खींच लिया. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर भारत ने अपना तीसरा टी20 विश्व कप खिताब जीता. जीत के कुछ ही मिनट बाद भारतीय क्रिकेट के दिग्गज एमएस धोनी ने सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट साझा किया, जो देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गया.
फाइनल मुकाबले के दौरान धोनी वीवीआईपी बॉक्स में बैठे नजर आए, जहां उनके साथ रोहित शर्मा और जय शाह भी मौजूद थे. मैच खत्म होने के बाद धोनी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच पर टीम को बधाई दी और खास तौर पर मुख्य कोच गौतम गंभीर की तारीफ की.
धोनी ने अपनी पोस्ट में क्या लिखा
धोनी ने अपने पोस्ट में लिखा, कोच साहब, आप पर मुस्कान बहुत अच्छी लगती है. धोनी ने अपने संदेश में टीम के प्रदर्शन और पिछले कुछ समय में हुए बदलाव की भी सराहना की. उन्होंने लिखा कि अहमदाबाद में इतिहास बना है और यह जीत पूरे देश के लिए गर्व का पल है.
उन्होंने लिखा, अहमदाबाद में इतिहास बन गया. टीम, सहयोगी स्टाफ और दुनिया भर में भारतीय टीम के सभी प्रशंसकों को बहुत-बहुत बधाई. आप सभी को खेलते हुए देखना बहुत सुखद रहा. धोनी का “कोच साहब” वाला संबोधन सीधे तौर पर गौतम गंभीर के लिए था. गंभीर अपनी सख्त और गंभीर छवि के लिए जाने जाते हैं, इसलिए जीत के बाद उनकी मुस्कान को लेकर धोनी की यह टिप्पणी काफी चर्चा में रही.
सोशल मीडिया पर अक्सर यह कहा जाता रहा है कि धोनी और गंभीर के संबंध बहुत अच्छे नहीं हैं, लेकिन कई मौकों पर दोनों ने इन अफवाहों को गलत साबित किया है.
यह भी पढ़ें: T20 World Cup: 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का खिताब लेते हुए इमोशनल हो गए संजू सैमसन, सुनाया सचिन तेंदुलकर का किस्सा
बुमराह की भी की खास तारीफ
धोनी ने अपने पोस्ट में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भी जमकर तारीफ की. हालांकि उन्होंने इसे अपने ही अंदाज में मजाकिया तरीके से लिखा.
धोनी ने लिखा, बुमराह के बारे में अगर कुछ न लिखूं तो ही बेहतर है… चैंपियन गेंदबाज. बता दें कि धोनी सोशल मीडिया पर बहुत कम सक्रिय रहते हैं. इंस्टा पर उनकी ये पोस्ट भी कई महीनों के बाद आई है.
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप फाइनल में पिच पर गरमा-गर्मी, अर्शदीप ने मारी गेंद तो बॉलर के पीछे बल्ला लेकर दौड़े मिचेल, VIDEO
दरअसल फाइनल मुकाबले में बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 15 रन देकर 4 विकेट झटके थे और न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी थी.
भारत ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. 256 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही. कीवी टीम ने लगाकर संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई.
aajtak.in