LSG vs PBKS, IPL 2026 Highlights: पंजाब प्लेऑफ की रेस में बरकरार, कप्तान श्रेयस अय्यर के शतक के दम पर लखनऊ को हराया

Lucknow Super Giants vs Punjab Kings, IPL: लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स आमने-सामने हुईं. पंजाब किंग्स ने इस मुकाबले को 7 विकेट से जीता. पंजाब किंग्स के लिए यह मुकाबला 'करो या मरो' जैसा था.

Advertisement
आईपीएल में लखनऊ-पंजाब की टक्कर हुई. (Photo: BCCI) आईपीएल में लखनऊ-पंजाब की टक्कर हुई. (Photo: BCCI)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • लखनऊ,
  • 23 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:17 PM IST

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-68 में शनिवार (23 मई) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का सामना पंजाब किंग्स (PBKS) से हुआ. लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित इस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स पर 7 विकेट से जीत हासिल की. पंजाब को जीत के लिए 197 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने 18 ओवर में हासिल कर लिया. पंजाब किंग्स के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने 51 बॉल पर नाबाद 100 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे.

Advertisement

बता दें कि प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए पंजाब किंग्स को इस मुकाबले में जीत हासिल करनी थी. अब यदि राजस्थान रॉयल्स (RR) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) रविवार (24 मई) को अपने-अपने आखिरी मुकाबले हारती है तो पंजाब प्लेऑफ में पहुंच जाएगी. हालांकि केकेआर की जीत की स्थिति में मामला नेट रनरेट पर फंसेगा. पंजाब किंग्स ने 14 मैच खेलकर 7 में जीत दर्ज की है और उसके 15 अंक हैं. दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो गई थी. लखनऊ सुपर जायंट्स के 14 मुकाबलों से 8 पॉइंट्स रहे. पंजाब की जीत के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स (DC) प्लेऑफ की रेस से पूरी तरह बाहर हो गई.

रनचेज में पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं. मोहम्मद शमी ने इनिंग्स की पहली ही गेंद पर प्रियांश आर्य को अर्जुन तेंदुलकर के हाथों कैच आउट करा दिया. इसके बाद शमी ने इनफॉर्म बैटर कूपर कोनोली (18 रन) को भी पवेलियन का रास्ता दिखाया. यहां से प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर ने मैच जिताऊ पार्टनरशिप की. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 140 रन जोड़े. प्रभसिमरन ने 39 बॉल पर 69 रन बनाए, जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल रहे. प्रभसिमरन के आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर और सूर्यांश शेडगे (नाबाद 9 रन) ने टीम को जीत के द्वार तक पहुंचाया.

Advertisement

लखनऊ की पारी की हाइलाइट्स
लखनऊ सुपर जायंट्स ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 196 रन बनाए. एलएसजी की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. अर्शिन कुलकर्णी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. उनका विकेट अजमतुल्लाह उमरजई ने झटका. फिर मार्को जानसेन ने निकोलस पूरन (2 रन) को बोल्ड किया. यहां से आयुष बदोनी और जोश इंग्लिस के बीच तीसरे विकेट के लिए 49 रनों की पार्टनरशिप हुई, जिसने लखनऊ की इनिंग्स को मोमेंटम प्रदान किया. बदोनी ने सिर्फ 18 बॉल पर 43 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और तीन छक्के शामिल रहे.

आयुष बदोनी को स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अपनी फिरकी में फंसाया. इसके बाद जोश इंग्लिस ने कप्तान ऋषभ पंत के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 65 रनों की साझेदारी बनाई. पंत 26 रनों के निजी स्कोर पर युजवेंद्र चहल का शिकार बने. वहीं जोश इंग्लिस को पार्टटाइम गेंदबाज शशांक सिंह ने चलता किया. इंग्लिस ने 44 गेंदों का सामना करते हुए 72 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और दो छक्के शामिल रहे.

मुकुल चौधरी (1 रन) के रूप में लखनऊ का छठा विकेट गिरा, जो मार्को जानसेन की गेंद पर पवेलियन लौटे. अब्दुल समद ने 3 चौके और तीन छक्के की मदद से 20 बॉल पर नाबाद 37 रन बनाए, जिसने लखनऊ को अच्छे स्कोर तक पहुंचाने में मदद की. अर्जुन तेंदुलकर ने 100 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 5 रनों का योगदान दिया.

Advertisement

इंडियन प्रीमियर लीग में लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान लखनऊ सुपर जायंट्स ने तीन मुकाबले जीते. वहीं पंजाब किंग्स को 5 मैचों में जीत नसीब हुई. दोनों टीमें मौजूदा सीजन में दूसरी बार आमने-सामने हुई हैं. 19 अप्रैल 2026 को खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रनों से परास्त किया था.

लखनऊ सुपर जायंट्स की प्लेइंग-11: अर्शिन कुलकर्णी, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), अब्दुल समद, आयुष बदोनी, मुकुल चौधरी, अर्जुन तेंदुलक, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और मोहसिन खान.

पंजाब किंग्स की प्लेइंग-11: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, मार्को जानसेन, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह उमरजई, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल और विजयकुमार वैशाक.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement