5 ओवर, 5 विकेट, 0 रन... इस गेंदबाज ने रचा इतिहास, पाकिस्तानी टीम के छूटे पसीने

वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट में इतिहास रच दिया. उन्होंने लगातार पांच विकेट मेडन ओवर डालने वाले टेस्ट क्रिकेट के पहले गेंदबाज बनने का रिकॉर्ड बनाया. ग्रीव्स ने 5 विकेट लेकर पाकिस्तान की पहली पारी 282 रनों पर समेटने में अहम भूमिका निभाई. इससे पहले लगातार चार विकेट मेडन ओवर का रिकॉर्ड इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड के नाम था.

Advertisement
Justin Greaves: 5 विकेट मेडन ओवर से रचा विश्व रिकॉर्ड. (Photo @WINDIES Cricket) Justin Greaves: 5 विकेट मेडन ओवर से रचा विश्व रिकॉर्ड. (Photo @WINDIES Cricket)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 28 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:38 AM IST

वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स ने टेस्ट क्रिकेट में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो इससे पहले कोई गेंदबाज नहीं कर पाया था. उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट में लगातार 5 विकेट मेडन ओवर डालकर इतिहास रच दिया. उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार, टेस्ट क्रिकेट में यह पहली बार है जब किसी गेंदबाज ने लगातार पांच मेडन ओवरों में पांच विकेट झटके हैं.

Advertisement

त्रिनिदाद में खेले जा रहे आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के पहले टेस्ट के तीसरे दिन ग्रीव्स ने लंच से पहले और बाद में घातक स्पेल फेंकते हुए पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. यह उनके टेस्ट करियर का पहला पांच विकेट हॉल भी रहा.

इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के नाम था, जिन्होंने जनवरी 2016 में जोहानिसबर्ग टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार 4 विकेट मेडन ओवर फेंके थे. ग्रीव्स ने अब उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.

मैच के बाद ग्रीव्स ने कहा, 'जब मैं गेंदबाजी के लिए आया तो कप्तान रोस्टन चेज ने सिर्फ इतना कहा कि अनुशासन बनाए रखो और अच्छी लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी करते रहो. गेंद सीम कर रही थी और मुझे उसका फायदा मिला.'

उन्होंने आगे कहा, 'टीम हमेशा मुझसे मुश्किल परिस्थितियों में जिम्मेदारी निभाने की उम्मीद करती है. टेस्ट क्रिकेट में पहली बार पांच विकेट लेना बेहद खास है, लेकिन मैच अभी बाकी है और हमें अभी काफी काम करना है.'

Advertisement

एक समय पाकिस्तान की स्थिति मजबूत दिख रही थी. टीम 244/3 के स्कोर पर थी और कप्तान शान मसूद शतक पूरा कर चुके थे. लेकिन ग्रीव्स ने मसूद का विकेट लेकर पाकिस्तान की पारी को बिखेर दिया.

इसके बाद उन्होंने बिना कोई रन दिए लगातार ओवरों में आमेर जमाल, अली उस्मान और मोहम्मद रिजवान को भी आउट किया. लंच तक पाकिस्तान का स्कोर 267/8 हो चुका था.

लंच के बाद अपने पहले ही ओवर में ग्रीव्स ने मोहम्मद अब्बास को विकेटकीपर के हाथों कैच कराया और लगातार पांच विकेट मेडन ओवर पूरे कर इतिहास रच दिया. पाकिस्तान की पूरी टीम 282 रन पर सिमट गई, जबकि वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 311 रन बनाए थे.

हालांकि दिन का खेल समाप्त होने तक पाकिस्तान ने भी वापसी की. उसने वेस्टइंडीज को दूसरी पारी में 126/7 पर रोक दिया. मेजबान टीम की कुल बढ़त 155 रन की हो गई है. स्टंप्स तक शमार जोसेफ (22)* और केमार रोच (5)* क्रीज पर मौजूद थे.

सीरीज का कार्यक्रम

पहला टेस्ट: 25-29 जुलाई, तारूबा
दूसरा टेस्ट: 2-6 अगस्त, पोर्ट ऑफ स्पेन
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »