भारतीय स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से महिला द हंड्रेड 2026 में सदर्न ब्रेव को लगातार दूसरी जीत दिलाई.
हेडिंग्ले में खेले गए मुकाबले में ब्रेव ने सनराइजर्स लीड्स को 5 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपना विजयी अभियान जारी रखा. सनराइजर्स लीड्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 116 रन बनाए.
टीम की ओर से ब्रायोनी स्मिथ ने 48 रन की सबसे बड़ी पारी खेली, लेकिन इस्सी वोंग (3 विकेट) और सदर्न ब्रेव के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचने दिया.
117 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सदर्न ब्रेव की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 36 रन पर तीन विकेट गंवा दिए. इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स ने जिम्मेदारी संभाली और 34 गेंदों में नाबाद 42 रन की मैच जिताऊ पारी खेली.
यह भी पढ़ें: विराट कोहली के एक गिफ्ट ने जीत लिया बटलर का दिल, VIRAL हुआ Insta पोस्ट
उन्होंने पहले सोफी मोलिनक्स और फिर जोडी ग्रूकोक के साथ अहम साझेदारियां निभाईं, जिससे सदर्न ब्रेव ने 4 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया.
इस जीत के साथ सदर्न ब्रेव ने सीजन में लगातार दूसरी जीत दर्ज की और अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली. टीम के संतुलित प्रदर्शन में गेंदबाजों और जेमिमा की संयमित पारी ने अहम भूमिका निभाई.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क