श्रीलंका दौरे से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को बड़ा सेटबैक लगा है. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं. TOI की रिपोर्ट के मुताबिक बेंगलुरु स्थित BCCI (भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में हुई जांच के दौरान बुमराह पूरी तरह फिट नहीं दिखे. बुमराह को बाएं घुटने में दर्द और असहजता महसूस हुई. मेडिकल टीम ने साफ कर दिया है कि उन्हें जल्दबाजी में मैदान पर उतारना ठीक नहीं होगा और फिलहाल उनकी पूरी रिकवरी ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है.
बताया जा रहा है कि आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अंतिम चरण के दौरान जसप्रीत बुमराह के बाएं घुटने की परेशानी फिर उभर आई थी. इसके बाद बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उन्हें विशेष इंजेक्शन लेने की सलाह दी थी, जो उन्होंने पिछले महीने लिया. हालांकि उम्मीद के मुताबिक रिकवरी नहीं हो सकी. पहले उन्हें कोलंबो में होने वाले दूसरे टेस्ट तक फिट करने की योजना थी, लेकिन अब मेडिकल टीम किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती. बुमराह की अनुपस्थिति में भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी अब मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार पर रहेगी.
बुमराह को लेकर जोखिम नहीं ले सकता बोर्ड
बीसीसीआई से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक पहले भी कई खिलाड़ी जल्दबाजी में वापसी कर चोटिल हुए हैं. ऐसे में जसप्रीत बुमराह के साथ वही गलती दोहराने का सवाल ही नहीं उठता. सूत्र ने कहा, 'बुमराह जैसे खिलाड़ी के साथ कोई जोखिम नहीं लिया जा सकता. इस साल एशियन गेम्स, न्यूजीलैंड दौरा और अगले साल बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट बाकी हैं. इसलिए उनकी पूरी फिटनेस ही सबसे अहम है.'
आकिब नबी की होगी टीम में एंट्री?
हालांकि जसप्रीत बुमराह को फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन टीम में चुना गया था, लेकिन अब चयन समिति जल्द ही उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान कर सकती है. इस रेस में 29 वर्षीय तेज गेंदबाज आकिब नबी सबसे आगे बताए जा रहे हैं. जम्मू-कश्मीर के फास्ट बॉलर आकिब हाल ही में इंडिया-ए के साथ श्रीलंका दौरे पर गए थे और दो मैचों में 6 विकेट लेकर प्रभावित किया था. अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट से पहले भी वह भारतीय टीम के साथ ट्रेनिंग कैंप का हिस्सा थे.
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त के दौरान गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के एसएससी (सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब) में होगा. यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप 2025-27 का हिस्सा है. ऐसे में बुमराह की गैरमौजूदगी टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है क्योंकि वह विदेशी परिस्थितियों में भारत के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाज माने जाते हैं.
श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन (फिटनेस क्लियरेंस के अधीन), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मानव सुथार, प्रसिद्ध कृष्णा, सारांश जैन और गुरनूर बरार.
भारत के श्रीलंका दौरे का पूरा शेड्यूल
7-9 अगस्त: प्रैक्टिस मैच, कोलंबो
15-19 अगस्त: पहला टेस्ट, गॉल, सुबह 10 बजे से
23-27 अगस्त: दूसरा टेस्ट, कोलंबो, सुबह 10 बजे से
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क