'ऋषभ पंत को मत भूलिए', इरफान पठान ने सेलेक्टर्स को दी वॉर्निंग, 2027 वर्ल्ड कप पर कही बड़ी बात

क्रिकेट में कई बार खिलाड़ी बुरे दौर से गुजरते हैं, लेकिन महान खिलाड़ी वही होते हैं जो वापसी करना जानते हैं. ऋषभ पंत भी ऐसे ही खिलाड़ियों में शामिल हो सकते हैं. फिलहाल ऋषभ पंत वनडे टीम से बाहर हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट और अन्य टूर्नामेंटों में लगातार रन बनाते हैं तो वापसी का रास्ता खुल सकता है.

Advertisement
ऋषभ पंत का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में निराशाजनक रहा था. (Photo: PTI) ऋषभ पंत का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में निराशाजनक रहा था. (Photo: PTI)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 12 जून 2026,
  • अपडेटेड 6:48 PM IST

विकेटकीप बल्लेबाज ऋषभ पंत इस समय भारतीय वनडे टीम से बाहर चल रहे हैं. ऋषभ को अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली. आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन, टीम इंडिया में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और लगातार खराब फॉर्म ने उन्हें चयनकर्ताओं की प्राथमिकता सूची से पीछे धकेल दिया है.

हालांकि भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि ऋषभ पंत की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है. उन्होंने चयनकर्ताओं को साफ शब्दों में सलाह दी है कि इस विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज के लिए टीम इंडिया के दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं किए जाने चाहिए. अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले जियोहॉटस्टार पर बातचीत के दौरान इरफान ने कहा कि भले ही मौजूदा समय में केएल राहुल और ईशान किशन चयनकर्ताओं की पहली पसंद हों, लेकिन ऋषभ जैसे खिलाड़ी को पूरी तरह नजरअंदाज करना भारतीय क्रिकेट के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है.

Advertisement

ऋषभ पंत के लिए पिछले कुछ महीने बेहद मुश्किल रहे हैं. लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने आईपीएल 2025 से पहले आयोजित मेगा ऑक्शन में उन पर 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बोली लगाई थी, लेकिन वह उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके. आईपीएल 2026 में 14 मैच खेलकर सिर्फ 312 रन बनाने वाले पंत लय में नजर नहीं आए. टीम का प्रदर्शन भी बेहद खराब रहा और एलएसजी अंक तालिका में सबसे नीचे रही. हालात ऐसे बने कि सीजन खत्म होते-होते ऋषभ को कप्तानी छोड़ने का फैसला तक लेना पड़ा.

हार ना मानें ऋषभ पंत: ऋषभ पंत
इस खराब प्रदर्शन का असर टीम इंडिया में उनकी जगह पर भी पड़ा. अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए चयनकर्ताओं ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया. इरफान पठान ने ऋषभ पंत को ईशान किशन का उदाहरण देते हुए हार ना मानने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि ईशान भी एक समय टीम इंडिया से बाहर थे, लेकिन उन्होंने घरेलू क्रिकेट में रन बनाकर वापसी का रास्ता तैयार किया.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के लिए अफगानिस्तान ने बनाया 'नेहरा जी' जैसा प्लान, यूं ट्रैप में फंसे 'बेबी बॉस'

Advertisement

इरफान पठान ने कहा, 'देखिए, ईशान किशन भी टीम से बाहर थे. लेकिन उन्होंने इसे चुनौती की तरह लिया. घरेलू क्रिकेट खेला, रन बनाए और झारखंड को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जिताई. उसी प्रदर्शन की बदौलत वह फिर टीम इंडिया में लौटे. ऋषभ पंत को भी यही रास्ता अपनाना होगा.'

इरफान पठान ने माना कि मौजूदा समय में वनडे टीम में केएल राहुल सबसे भरोसेमंद विकेटकीपर बल्लेबाज हैं. राहुल ने पिछले कुछ वर्षों में मध्यक्रम में शानदार प्रदर्शन किया है और खुद को टीम का अहम हिस्सा बना लिया है. वहीं ईशान किशन को बैकअप विकेटकीपर के तौर पर चुना जाना भी इरफान के अनुसार सही फैसला है. उनका मानना है कि ईशान ऊपरी क्रम में तेजी से रन बना सकते हैं और टीम को अलग तरह का विकल्प देते हैं.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ बॉडी लाइन बॉलिंग, GT पर भड़के इरफान, कहा- पिता होने के नाते पसंद नहीं आया

हालांकि व्हाइट-बॉल क्रिकेट में संघर्ष कर रहे ऋषभ पंत ने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में शानदार 81 रन बनाकर यह साबित कर दिया कि उनमें अभी भी मैच जिताने की क्षमता बरकरार है. उस पारी में ऋषभ ने पुराना आत्मविश्वास दिखाया. यही वजह है कि इरफान पठान मानते हैं कि प्रतिभा के मामले में ऋषभ अब भी बाकी खिलाड़ियों से अलग हैं.

Advertisement

भारत और अफगानिस्तान के बीच शुरू होने वाली वनडे सीरीज को वनडे विश्व कप 2027 की तैयारियों का पहला बड़ा कदम माना जा रहा है. ऐसे में टीम इंडिया धीरे-धीरे अपना कोर ग्रुप तैयार कर रही है. लेकिन इरफान पठान का मानना है कि 2027 विश्व कप अभी काफी दूर है और इतने लंबे समय में बहुत कुछ बदल सकता है. इसलिए चयनकर्ताओं को ऋषभ जैसे मैच विनर खिलाड़ी को पूरी तरह खारिज नहीं करना चाहिए.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »