टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर के समर्थन में इरफान पठान उतर आए हैं . क्राइस्टचर्च टी20 में बैटिंग ऑर्डर को लेकर उठे सवालों के बीच पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने आलोचकों पर तीखा निशाना साधा है.
उन्होंने कहा कि पूरी कहानी जाने बिना किसी पर सवाल उठाना सही नहीं है. सोशल मीडिया पर व्यूज और नंबर्स के चक्कर में लोग सच को नजरअंदाज कर रहे हैं.
दरअसल, पहले टी20 मैच में ईशान किशन को निगल (Niggle) था. इसी वजह से उन्हें बैटिंग ऑर्डर में नीचे उतरना पड़ा.
इसके बावजूद सोशल मीडिया पर गौतम गंभीर को निशाने पर लिया जाने लगा. बैटिंग ऑर्डर में बदलाव को लेकर सवाल उठे, लेकिन इसके पीछे की वजह पर ध्यान नहीं दिया गया.
इरफान पठान ने इसी रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर ईशान किशन को निगल था, तो उन्हें खेलने का क्या मतलब? उनका तंज उन लोगों पर था, जो पूरी बात जाने बिना गंभीर को घेरने लगते हैं. पठान के मुताबिक, गंभीर को निशाना बनाना लोगों का पसंदीदा टाइमपास बन गया है. उन्होंने अपील की कि पहले पूरी कहानी जाननी चाहिए और उसके बाद ही कोई राय बनानी चाहिए.
पठान ने इस मुद्दे को सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रखा. उन्होंने कहा कि जिंदगी में भी बिना पूरी जानकारी के जल्दबाजी में फैसला सुनाने की आदत बढ़ गई है. सोशल मीडिया पर व्यूज और नंबर्स के चक्कर में लोग सच जाने बिना दूसरों को चोट पहुंचा देते हैं.
इरफान का संदेश साफ है- किसी की आलोचना करने से पहले पूरी बात जानना जरूरी है. खासकर क्रिकेट जैसे खेल में, जहां किसी फैसले के पीछे की वजह जाने बिना सिर्फ नतीजे के आधार पर सवाल उठाना सही नहीं है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क