अभिषेक शर्मा का खराब फॉर्म पीछा छोड़ने का नाम नहीं ले रहा है. IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के इस विस्फोटक बल्लेबाज़ ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में पहली ही गेंद पर आउट होकर अपना पहला गोल्डन डक दर्ज कर लिया. सोमवार को खेले गए मुकाबले में जोफ्रा आर्चर ने अभिषेक को मैच की पहली गेंद पर ही पवेलियन भेज दिया. अभिषेक बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में बाउंड्री पर रवि विश्नोई के हाथों कैच आउट हो गए.
यह IPL में उनका पहला गोल्डन डक है, लेकिन इस साल उनका ‘जीरो’ से रिश्ता काफी गहरा हो गया है. 2026 में अब तक अभिषेक 7 बार बिना खाता खोले आउट हो चुके हैं.
इस साल उनके शून्य पर आउट होने का सिलसिला काफी लंबा रहा है. न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 बार, T20 वर्ल्ड कप में 3 बार, LSG के खिलाफ 1 बार और अब RR के खिलाफ. यही नहीं, इस साल उनके नाम 4 गोल्डन डक भी हो चुके हैं.
इतनी बार डक पर आउट हुए हैं अभिषेक
अगर ओवरऑल टी20 करियर की बात करें तो अभिषेक शर्मा अब तक 16 बार ‘डक’ पर आउट हो चुके हैं. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली, जिसमें वह पहली ही गेंद से बड़ा शॉट खेलने की कोशिश करते हैं, कई बार उनके लिए भारी पड़ रही है.
हालांकि, यह भी सच है कि अभिषेक ने कई मौकों पर शानदार प्रदर्शन भी किया है. IPL में उन्होंने 82 मैचों में 1945 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 165.67 का है, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दिखाता है.
यह भी पढ़ें: SRH vs RR, IPL 2026 Live Score: शतक से चूके ईशान किशन, 44 गेंद में 91 रन बनाकर आउट
T20 वर्ल्ड कप 2026 में भी शुरुआत खराब रही थी, जहां वह लगातार तीन बार शून्य पर आउट हुए थे. लेकिन बाद में उन्होंने वापसी करते हुए सुपर-8 में 55 रन और फाइनल में 52 रन की अहम पारी खेलकर टीम का भरोसा कायम रखा.
फिलहाल, अभिषेक शर्मा के लिए सबसे बड़ी चुनौती अपनी इस खराब शुरुआत से उबरना और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाना है.
अभिषेक ने एक कैलेंडर वर्ष में सबसे अधिक बार शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड बनाया.
टी20 में एक कैलेंडर वर्ष में किसी भारतीय द्वारा सबसे अधिक शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड
7 - अभिषेक शर्मा, 2026 (18 पारियां)
6 - रोहित शर्मा, 2018 (32 पारियां)
6 - संजू सैमसन, 2024 (32 पारियां)
5 - गुरकीरत सिंह मान, 2013 (19 पारियां)
टी20 विश्व कप 2026 में वह तीन बार बिना रन बनाए आउट हुए. पिछले तीन मैचों में यह दूसरी बार था जब वह शून्य पर आउट हुए.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क