आईपीएल 2026 में संघर्ष कर रही और हार से जूझ रही मुंबई इंडियंस के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. टीम के अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा अगले मुकाबले में वापसी कर सकते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित अपनी हैमस्ट्रिंग इंजरी से तेजी से उबर रहे हैं और 29 अप्रैल को होने वाले सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में खेलते नजर आ सकते हैं.
गौरतलब है कि 38 वर्षीय रोहित को 12 अप्रैल को आरसीबी के खिलाफ मैच के दौरान चोट लगी थी, जिसके बाद वह लगातार तीन मुकाबले नहीं खेल पाए.
रोहित की गैरमौजूदगी से MI की बल्लेबाजी कमजोर
रोहित शर्मा की गैरहाजिरी का असर मुंबई की बल्लेबाजी पर साफ नजर आया है. वह पंजाब किंग्स, गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच मिस कर चुके हैं. टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि वह जल्द पूरी तरह फिट होकर वापसी करेंगे. इस दौरान MI ने युवा ओपनर दानिश मालेवार को मौका दिया, लेकिन वह दो मैचों में सिर्फ 2 रन ही बना सके.
यह भी पढ़ें: 'आज भी बुरा लगता है', पूर्व सेलेक्टर ने क्यों रोहित शर्मा से मांगी माफी, खुद खोला राज
प्लेऑफ की राह मुश्किल
रोहित शर्मा ने सीजन की शुरुआत ठीक-ठाक की थी. 4 मैचों में 137 रन, औसत 45 और स्ट्राइक रेट 165. कुछ समय के लिए उन्होंने ऑरेंज कैप भी अपने नाम की थी. लेकिन उनकी गैरमौजूदगी में सूर्या, हार्दिक पंड्या भी बल्ले से खास योगदान नहीं दे पाए.
हाल ही में मुंबई को खराब बल्लेबाजी के चलते 103 रन से हार का सामना करना पड़ा. 7 मैचों में सिर्फ 2 जीत के साथ टीम प्लेऑफ की रेस में पिछड़ती जा रही है.
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड टूटा... स्मृति मंधाना बनीं भारत की टॉप T20I रन स्कोरर
समस्या सिर्फ रोहित की गैरमौजूदगी नहीं
हालांकि, सिर्फ रोहित शर्मा की अनुपस्थिति ही टीम की खराब स्थिति की वजह नहीं है. आईपीएल 2026 ऑक्शन में लिए गए कुछ फैसले और प्लेइंग इलेवन में लगातार बदलाव भी टीम पर भारी पड़े हैं. कप्तान Hardik Pandya की कप्तानी और व्यक्तिगत फॉर्म दोनों ही चिंता का विषय बने हुए हैं. अब टीम को जल्द ही कोई ठोस रणनीति बनानी होगी, ताकि वे टूर्नामेंट में वापसी कर सकें.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क