IPL 2026: चेन्नई-दिल्ली मैच में ग्लव्स विवाद, अंपायर से भिड़ गए नीतीश राणा, VIDEO

चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए मुकाबले में मैदान पर माहौल गरमाता दिखा. ट्रिस्टन स्टब्स के ग्लव्स बदलने के अनुरोध को अंपायर ने ठुकरा दिया. हैरानी की बात यह रही कि इस विवाद के तुरंत बाद ही ट्रिस्टन स्टब्स आउट हो गए.

Advertisement
ट्रिस्टन स्टब्स को ग्लव्स बदलने की अनुमति नहीं मिली, जिसके चलते बखेड़ा खड़ा हो गया. (Photo: Screengrab/@JioHotstar) ट्रिस्टन स्टब्स को ग्लव्स बदलने की अनुमति नहीं मिली, जिसके चलते बखेड़ा खड़ा हो गया. (Photo: Screengrab/@JioHotstar)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • चेन्नई,
  • 12 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 9:36 AM IST

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने जीत का खाता खोल लिया. 11 अप्रैल (शनिवार) को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में हुए मुकाबले में सीएसके ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 23 रनों से हराया. मैच का सबसे बड़ा आकर्षण संजू सैमसन रहे,  जिन्होंने लगातार तीन मैचों में मिली असफलता के बाद जोरदार कमबैक किया.

संजू सैमसन ने 56 गेंदों पर नाबाद 115 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे. संजू ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और दिल्ली के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया. युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने भी बेहतरीन खेल दिखाते हुए 36 गेंदों में 59 रन बनाए. दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी हुई, जिसने सीएसके को मजूबत स्कोर तक पहुंचाने में मदद किया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: IPL 2026: फिफ्टी जड़कर खेल रहे आयुष म्हात्रे को क्यों CSK ने किया रिटायर्ड आउट? बना ये शर्मनाक रिकॉर्ड

चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 212 रन बनाए, जो इस सीजन में सीएसके का अब तक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा. टीम की बल्लेबाजी में संतुलन और आक्रामकता साफ नजर आया, जिसने दिल्ली के गेंदबाजों को दबाव में रखा. 212 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत ठीक-ठाक रही, लेकिन मध्यक्रम पूरी तरह लड़खड़ा गया.

चेन्नई के तेज गेंदबाज जेमी ओवर्टन ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. हालांकि, साउथ अफ्रीका के युवा बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स ने संघर्षपूर्ण पारी खेलते हुए 60 रन बनाए और टीम को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की. उन्होंने कुछ शानदार शॉट्स लगाए और आखिरी ओवरों में मैच को रोमांचक बनाया, लेकिन दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिलने के कारण दिल्ली की टीम 189 रनों पर सिमट गई.

Advertisement

नीतीश राणा की अंपायर से बहस
इस मुकाबले में उस समय माहौल गरमा गया, जब दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ियों ने अंपायर के फैसले पर खुलकर नाराजगी जताई. मामला ट्रिस्टन स्टब्स के ग्लव्स बदलने की मांग से जुड़ा था, जिसे अंपायर ने ठुकरा दिया, इस फैसले के बाद नीतीश राणा चौथे अंपायर से बहस करते नजर आए. वहीं टीम के कोच हेमांग बदानी भी नाराज दिखे और उन्होंने अंपायर के सामने अपना पक्ष रखा.

घटना दिल्ली कैपिटल्स की पारी के 19वें ओवर में हुई. ट्रिस्टन स्टब्स की ग्लव्स पसीने के कारण गीली ही चुकी थी और उन्होंने इसे बदलने की अनुमति मांगी. हालांकि अंपायर ने यह कहते हुए अनुरोध खारिज कर दिया कि ओवर के बीच में ग्लव्स बदलने की अनुमति नहीं दी जा सकती. इस फैसले से दिल्ली कैपिटल्स के खेमे में नाराजगी बढ़ गई.

नीतीश राणा ने अंपायर से सवाल किया कि मैच में पहले इसी तरह की स्थिति में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ियों को अनुमति दी गई थी, फिर यहां क्यों नहीं, लेकिन अंपायर अपने फैसले पर कायम रहे. दिल्ली के लिए स्थिति और खराब तब हो गई, जब इसी विवाद के तुरंत बाद अगली ही गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स आउट हो गए. स्टब्स आउट होने के बाद बेहद खफा दिखे. उन्हें लगा कि ग्लव्स ना बदल पाने का असर उनकी बल्लेबाजी पर पड़ा.

Advertisement

क्या अंपायर का निर्णय सही था?
नियमों के मुताबिक बल्लेबाज ग्लव्स या अन्य उपकरण बदल सकते हैं, लेकिन केवल तय ब्रेक- जैसे ओवर खत्म होने पर या टाइम-आउट के दौरान. ओवर के बीच में उपकरण तभी बदले जा सकते हैं, जब वो या टूट गया हो या उसमें खराबी आ गई हो . इस मामले में अंपायर का फैसला नियमों के मुताबिक सही माना जा रहा है, लेकिन मैदान पर हुई इस बहस ने मैच में तनाव जरूर बढ़ा दिया.

इस जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स अंकतालिका में नौवें स्थान पर पहुंच गई है. वहीं, दिल्ली कैपिटल्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा, हालांकि टीम अभी भी चार अंकों के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement