आईपीएल 2026 से पहले अभिषेक शर्मा ने जोरदार अंदाज में फॉर्म में वापसी के संकेत दे दिए हैं. टी20 वर्ल्ड कप में शुरुआती संघर्ष झेलने के बाद अब उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के प्रैक्टिस मैच में धमाकेदार पारी खेलकर सबका ध्यान खींच लिया है.
शनिवार को खेले गए इंट्रा-स्क्वॉड मैच में अभिषेक शर्मा ने SRH A के लिए ओपनिंग करते हुए सिर्फ 42 गेंदों में 94 रन ठोक दिए. हालांकि वो शतक से चूक गए, लेकिन उनकी इस तूफानी पारी ने साफ कर दिया कि वो IPL के लिए पूरी तरह तैयार हैं. उन्हें इंग्लैंड के तेज गेंदबाज Brydon Carse ने आउट किया.
इस मैच के बाद टीम इंडिया के पूर्व स्टार रविचंद्रन अश्विन ने भी अभिषेक की तारीफ की. उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है कि अभिषेक ने जानबूझकर शतक नहीं बनाया और असली धमाका IPL के लिए बचाकर रखा है.
SRH का प्रैक्टिस मैच बना हाई-स्कोरिंग शो
सनराइजर्स हैदराबाद के इस अभ्यास मैच में रन बरसते नजर आए. टीम ने 240+ का बड़ा स्कोर खड़ा किया. अभिषेक के अलावा हेनरिक क्लासेन ने 49 रन बनाए. वहीं, नए खिलाड़ी सलील अरोरा ने 16 गेंदों में 47 रन ठोक दिए. ईशान किशन ने भी 18 रन बनाए. बता दें कि किशन को कमिंस की गैरमौजूदगी में टीम की कमान सौंपी गई है. वहीं, अभिषेक उपकप्तान हैं.
वर्ल्ड कप में कैसा रहा था अभिषेक का प्रदर्शन?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा. शुरुआत में वो बीमार रहे और फिर लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट हो गए, जिससे उनकी फॉर्म पर सवाल उठे. लेकिन फाइनल में उन्होंने वापसी की:
* फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 21 गेंदों में 52 रन
* सुपर-8 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 55 रन
कुल मिलाकर उन्होंने 8 पारियों में 141 रन बनाए.
यह भी पढ़ें: ODI वर्ल्ड कप के सवाल पर अभिषेक ने क्यों किया युवराज सिंह का जिक्र? बताया क्या है मेंटर का सख्त मैसेज
अब नजर IPL 2026 पर
अभिषेक की ये 94 रन की पारी SRH के लिए राहत की खबर है. टीम अपना पहला मैच आरसीबी के खिलाफ 28 मार्च को खेलेगी.
aajtak.in