जीत सामने थी, श्रीलंका ने कर द‍िया सरेंडर... टीम इंड‍िया ने 10 गेंदों में पलट द‍िया मैच, दांबुला में जीत की कहानी

दांबुला में मंगलवार (9 जून) खेले गए त्रिकोणीय सीरीज के पहले मुकाबले में भारत A ने रोमांचक अंदाज में श्रीलंका A को 8 रन से हरा दिया. ऋतुराज गायकवाड़ के शानदार 101 रन और तिलक वर्मा के 60 रन की बदौलत भारत ने 277/6 बनाए. जवाब में श्रीलंका जीत के करीब पहुंच गया था, लेकिन आखिरी 10 गेंदों में चार विकेट गंवाकर 269 रन पर ऑलआउट हो गया.

Advertisement
वैभव का नहीं चला बल्ला, ऋतुराज ने जड़ा शतक... भारत A ने श्रीलंका के मुंह से छीनी जीत (Photo: Sri Lanka Cricket) वैभव का नहीं चला बल्ला, ऋतुराज ने जड़ा शतक... भारत A ने श्रीलंका के मुंह से छीनी जीत (Photo: Sri Lanka Cricket)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • दांबुला ,
  • 09 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:25 PM IST

दांबुला में मंगलवार (9 जून) को खेले गए त्रिकोणीय वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भारत A ने शानदार जुझारूपन दिखाते हुए श्रीलंका A को 8 रन से हरा दिया. एक समय मैच पूरी तरह मेजबान टीम की गिरफ्त में दिखाई दे रहा था, लेकिन आखिरी 10 गेंदों में चार विकेट गिरने से मुकाबला पलट गया और तिलक वर्मा की अगुआई वाली भारतीय टीम ने जीत के साथ अभियान का आगाज किया.

Advertisement

मैच में सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू की थी. हालांकि युवा बल्लेबाज अपनी पहली लिस्ट-A पारी में बड़ा स्कोर नहीं बना सके और 14 रन बनाकर आउट हो गए. उन्होंने अपनी छोटी पारी में तीन आकर्षक चौके लगाए, लेकिन मोहम्मद शिराज की गेंद पर मिड-ऑफ के ऊपर शॉट खेलने की कोशिश में कप्तान सहान अराचिगे को कैच थमा बैठे.

भारत A की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने सिर्फ 16 रन पर वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह के विकेट गंवा दिए. इसके बाद प्रियांश आर्य ने 32 रन की तेज पारी खेली, लेकिन ऋतुराज गायकवाड़ के साथ गलतफहमी का शिकार होकर रनआउट हो गए.

69 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद उपकप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और कप्तान तिलक वर्मा ने पारी को संभाला. दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 150 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.
यह भी पढ़ें: IND A vs SL A Highlights: ऋतुराज का वैभवशाली शतक, फ‍िर गेंदबाजों का कहर... टीम इंड‍िया ने श्रीलंका के जबडे़ से छीना मैच, 8 रनों से म‍िली जीत

Advertisement

ऋतुराज ने अनुभव का शानदार प्रदर्शन करते हुए 112 गेंदों पर 101 रन बनाए. यह उनके लिस्ट-A करियर का 21वां शतक रहा. उन्होंने शुरुआत में संयम बरता और बाद में रनगति बढ़ाते हुए टीम को बड़े स्कोर की ओर पहुंचाया. दूसरी ओर तिलक वर्मा ने 97 गेंदों पर 60 रन बनाए. दोनों बल्लेबाजों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में धैर्य और समझदारी से बल्लेबाजी की.
यह भी पढ़ें: IND A vs SL A: डायरेक्ट हिट, उखड़ी गिल्लियां... फिर भी नॉट आउट! श्रीलंकाई अंपायर पर भड़के टीम इंडिया के खिलाड़ी

पारी के अंत में आयुष बदोनी और सूर्यांश शेडगे ने तेजी दिखाई. बदोनी ने 18 गेंदों पर 24 रन बनाए, जबकि शेडगे 14 गेंदों पर 26 रन बनाकर नाबाद लौटे. दोनों के बीच 46 रन की तेज साझेदारी ने भारत A को 50 ओवर में 277/6 तक पहुंचा दिया.

श्रीलंका का दमदार रनचेज, लेकिन फ‍िर हालत खराब 
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका A ने दमदार शुरुआत की. वापसी कर रहे न‍िरोशन डिकवेला (47) और अविष्का फर्नांडो (45) ने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़कर भारत पर दबाव बनाया. हालांकि दोनों बल्लेबाज आयुष बदोनी की स्पिन के खिलाफ बड़े शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए.

इसके बाद सदीरा समरविक्रमा ने 46 रन बनाए, जबकि कप्तान सहान अराचिगे ने 72 गेंदों पर 74 रन की बेहतरीन पारी खेली. अंतरराष्ट्रीय अनुभव रखने वाले सहान ने टीम को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया था.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका में किया न‍िराश, मोहम्मद शिराज के जाल में फंसे, 12 गेंद में पारी खत्म

Advertisement

श्रीलंका को अंतिम 10 गेंदों में सिर्फ 9 रन चाहिए थे और उसके हाथ में तीन विकेट थे. तभी तेज गेंदबाज अंशुल कांबोज ने सटीक यॉर्कर पर सहान को बोल्ड कर भारत को मैच में वापस ला दिया. इसके बाद श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने दबाव में लगातार गलतियां कीं.

अंतिम ओवर में भारत ने तीन विकेट झटककर मुकाबला पूरी तरह भारत की झोली में डाल दिया. यह ओवर अरशद खान ने फेंका, 2 व‍िकेट उनको मिले, वहीं एक व‍िकेट रनआउट हुआ. श्रीलंका A की पूरी टीम 48.5 ओवर में 269 रन पर सिमट गई और भारत A ने 8 रन से रोमांचक जीत दर्ज कर ली.

गेंदबाजी में आयुष बदोनी (2/46) और अनुकुल रॉय (2/49) ने अहम भूमिका निभाई. दोनों स्पिनरों ने बीच के ओवरों में रन गति पर लगाम लगाकर भारत को मुकाबले में बनाए रखा. भारत A अब 11 जून को इसी मैदान पर अफगानिस्तान A के खिलाफ अपना अगला मुकाबला खेलेगा.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »