बांग्लादेश क्रिकेट टीम के कप्तान मशरफे मुर्तजा का कहना है कि वर्ल्ड टी-20 की शुरुआत जीत के साथ करने से वह काफी खुश हैं. बांग्लादेश ने वर्ल्ड टी20 के अपने पहले क्वालीफाइंग मुकाबले में बुधवार को नीदरलैंड्स को आठ विकेट से शिकस्त दी थी.
मशरफे का मानना है कि अगर वह मैच हार जाते तो इसके लिए कोई बहाना नहीं होता. उन्होंने कहा कि वह आने वाले मैच में इस जीत से मिले आत्मविश्वास के साथ उतरेंगे. मशरफे ने कहा, 'जीत काफी अहम थी. अगर हम हार जाते तो इसके लिए कोई बहाना नहीं चलता. हम जीत गए, यह ज्यादा जरूरी है. विपक्षी टीम कोई भी हो, जीत महत्वपूर्ण होती है.'
तकरीबन एक साल के बाद बांग्लादेश अपने घर से बाहर खेल रही है. टीम दो दिन पहले ही धर्मशाला पहुंच गई थी. मशरफे ने इस पर कहा, 'हमने जैसा सोचा था हालात उससे बिल्कुल अलग थे. हमने सोचा था कि विकेट तेज और उछाल भरा होगा लेकिन विकेट काफी धीमा था. मुझे उम्मीद है कि हम अगले मैच में पहले से ज्यादा आत्मविश्वास के साथ उतरेंगे.' बांग्लादेश का अगला मुकाबला शुक्रवार को आयरलैंड से होगा.
सूरज पांडेय