टी20 वर्ल्ड कप में हुई थी मैच फिक्सिंग! इस टीम के कप्तान पर शक, ICC ने शुरू की जांच

क्रिकेट कनाडा पर भ्रष्टाचार और मैच फिक्सिंग जैसे गंभीर आरोप लगे हैं. आईसीसी की एंटी करप्शन यूनिट ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के एक मैच को भी जांच के दायरे में रखा गया है.

Advertisement
आईसीसी ने दिलप्रीत बाजवा के खिलाफ शुरू की जांच. (Photo: Getty) आईसीसी ने दिलप्रीत बाजवा के खिलाफ शुरू की जांच. (Photo: Getty)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 17 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:10 PM IST

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की एंटी-करप्शन यूनिट (ACU) ने क्रिकेट कनाडा से जुड़े भ्रष्टाचार, टीम सेलेक्शन में हस्तक्षेप और मैच फिक्सिंग जैसे गंभीर आरोपों की जांच शुरू कर दी है. ईएसपीएन क्रिकइंफो की रिपोर्ट्स के मुताबिक जांच का सबसे बड़ा हिस्सा कनाडा और न्यूजीलैंड के बीच हुए टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले से जुड़ा है. यह मुकाबला 17 फरवरी 2026 को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया था, जहां कीवी टीम ने 8 विकेट से जीत हासिल की थी.

Advertisement

उस मुकाबले में कनाडा के कप्तान दिलप्रीत बाजवा द्वारा डाले गए एक ओवर को लेकर संदेह जताया गया है. न्यूजीलैंड की पारी के पांचवें ओवर में दिलप्रीत गेंदबाजी करने आए थे. उस समय न्यूजीलैंड का स्कोर 35 रन पर दो विकेट था. कनाडा ने शुरुआती ओवर तेज गेंदबाजों से कराए थे, लेकिन इसके बाद टीम ने स्पिन का सहारा लिया.

दिलप्रीत बाजवा ने अपने ओवर की शुरुआत नो बॉल से की, फिर एक वाइड फेंकी. बाजवा ने उस पूरे ओवर में 15 रन खर्च कर दिए. इसी ओवर को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं और इसे जांच के दायरे में रखा गया है. हालांकि, अभी तक किसी खिलाड़ी या अधिकारी के खिलाफ औपचारिक आरोप तय नहीं किए गए हैं, लेकिन एसीयू इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.

पूर्व कोच पर भी लटकी तलवार!
इस जांच का दूसरा बड़ा हिस्सा कनाडा के पूर्व कोच खुर्रम चौहन की एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग से जुड़ा है. इस रिकॉर्डिंग में उन्होंने आरोप लगाया था कि क्रिकेट कनाडा के कुछ पूर्व बोर्ड मेम्बर्स ने उन पर कुछ खास खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम में शामिल करने का दबाव बनाया था. रिकॉर्डिंग में यह भी दावा किया गया कि टीम चयन को प्रभावित करने के अलावा कुछ मैचों को फिक्स करने की कोशिशें भी हुईं. हालांकि, इन आरोपों को साबित करने के लिए ठोस सबूत जुटाना अभी भी चुनौती बना हुआ है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: महिला टी20 वर्ल्ड कपः ICC ने प्राइज मनी में किया इजाफा, जानें चैम्पियन को मिलेगा कितना पैसा

पूर्व कोच पुबुदु दसनायके ने भी इसी तरह के आरोप लगाए हैं, उन्होंने दावा किया कि 2024 टी20 वर्ल्ड कप से पहले उन पर कुछ खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने का दबाव डाला गया था. जब उन्होंने ऐसा करने से इनकार किया, तो उन्हें कॉन्ट्रैक्ट समाप्त करने की धमकी दी गई. दसनायके इस मामले में क्रिकेट कनाडा के खिलाफ गलत तरीके से नौकरी खत्म करने का मुकदमा भी लड़ रहे हैं.

इन आरोपों का खुलासा कनाडा के सार्वजनिक प्रसारक कैनेडियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन के डॉक्यूमेंट्री कार्यक्रम 'करप्शन, क्राइम और क्रिकेट' के जरिए हुआ है. 43 मिनट की इस डॉक्यूमेंट्री में क्रिकेट कनाडा के भीतर कथित भ्रष्टाचार, प्रशासनिक संकट, खिलाड़ियों को भुगतान में देरी और संगठित अपराध से जुड़े आरोपों का भी जिक्र किया गया है.

प्राइज मनी भी समय से नहीं मिली
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के बाद कनाडा के खिलाड़ियों को मिलने वाली पुरस्कार राशि समय पर नहीं दी गई. इतना ही नहीं, जुलाई 2025 के बाद राष्ट्रीय खिलाड़ियों को बिना कॉन्ट्रैक्ट के छोड़ दिया गया और बाद में टी20 वर्ल्ड कप से पहले उन्हें सीमित भुगतान पर वापस जोड़ा गया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: संजू सैमसन ने जसप्रीत बुमराह को पछाड़ा, जीता ICC का ये बड़ा अवॉर्ड

क्रिकेट कनाडा पिछले एक साल से लगातार प्रशासनिक विवादों में घिरा हुआ है. पूर्व सीईओ सलमान खान की नियुक्ति और फिर उन्हें हटाने को लेकर भी विवाद हुआ था. उन पर चोरी और धोखाधड़ी के आरोप लगे थे, हालांकि उन्होंने इन आरोपों से इनकार किया है.

आईसीसी की ओर से अंतरिम जनरल मैनेजर एंड्रयू एफग्रेव ने कहा है कि एसीयू हर उस मामले की जांच करती है, जहां खेल की निष्पक्षता पर खतरा महसूस होता है. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि जांच जारी होने के कारण फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा नहीं की जा सकती.

फिलहाल, क्रिकेट कनाडा पर लगे ये आरोप अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत में बड़ा विवाद बनते जा रहे हैं और आने वाले दिनों में इस मामले में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »