भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी फिलहाल टल गई है. पिंडली की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाने के कारण उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) 2026-27 के लिए बड़ौदा की टीम में शामिल नहीं किया गया है. टूर्नामेंट 14 नवंबर से शुरू होगा. हार्दिक की गैरमौजूदगी में उनके बड़े भाई क्रुणाल पंड्या टीम की कप्तानी करेंगे.
हार्दिक पंड्या ने आखिरी बार 24 मई को IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 में मुंबई इंडियंस (MI) की ओर से मुकाबला खेला था. अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए उन्हें इंडिया-ए टीम में चुना गया था, लेकिन चोट के कारण नाम वापस लेना पड़ा. क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक रिहैबिलिटेशन के दौरान गेंदबाजी करते समय उनके पैर में दर्द बना हुआ था.
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा ने रच दिया नया इतिहास... न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया छक्कों का रिकॉर्ड, शाहिद आफरीदी पीछे छूटे
आईपीएल 2026 के दौरान हार्दिक पंड्या को पहले पीठ में ऐंठन और फिर पैर में खिंचाव की समस्या हुई थी. इसके बाद से वह बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं. उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल था.
क्या श्रीलंका सीरीज का हिस्सा होंगे हार्दिक
भारतीय टीम को दिसंबर में श्रीलंका के खिलाफ तीन-तीन मैचों की वनडे और टी20 सीरीज खेलनी है, लेकिन उसमें हार्दिक की उपलब्धता को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है. अगले साल होने वाले क्रिकेट वर्ल्ड कप को देखते हुए टीम मैनेजमेंट उनकी फिटनेस को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता.
यह भी पढ़ें: 'सिर्फ 7 रन बनाकर भी रिकॉर्ड बुक में छाए कोहली!', पोंटिंग को पीछे छोड़ रचा इतिहास, बन गए नंबर-1 बल्लेबाज
हार्दिक पंड्या के बिना बड़ौदा की कमान क्रुणाल पंड्या के हाथों में होगी. टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा, अनुभवी दीपक हुड्डा और तेज गेंदबाज रसिक सलाम डार को भी जगह मिली है. बड़ौदा अपने अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को मुंबई में चंडीगढ़ के खिलाफ करेगा.
बड़ौदा की टीम: क्रुणाल पंड्या (कप्तान), अतीत शेठ (उप-कप्तान), दीपक हुड्डा, शिवालिक शर्मा, शाश्वत रावत, अमित पासी (विकेटकीपर), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), भानु पनिया, महेश पिथिया, परीक्षित पाटीदार, हेमंत पुंडे, राज लिम्बानी, रसिक सलाम डार, ध्रुव बी. पटेल और सफवान पटेल.
स्टैंडबाय: चिंतल गांधी, प्रियांशु मोलिया और सफवान पटेल.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क