इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में वैभव सूर्यवंशी भले ही बल्ले से कोई बड़ा धमाका नहीं कर पाए हों, लेकिन टीम मैनेजमेंट का भरोसा उन पर अभी भी बरकरार है. इंग्लैंड सीरीज में 15 साल के वैभव ने 14, 13 और 15 रन की पारियां खेली थीं. माना जा रहा है कि जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में भी उन्हें लगातार मौके मिलेंगे.
इसी बीच टीम इंडिया के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने इस बल्लेबाज की जमकर तारीफ की है. उनका मानना है कि वैभव सूर्यवंशी सिर्फ एक अच्छे खिलाड़ी नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के सबसे दुर्लभ टैलेंट में से एक हैं. जियोस्टार से बातचीत में हरभजन ने कहा कि आज के दौर में युवा खिलाड़ियों पर सोशल मीडिया और मीडिया का दबाव पहले की तुलना में कई गुना ज्यादा है. इसके बावजूद वैभव जिस निडर अंदाज में क्रिकेट खेल रहे हैं, वह उन्हें सबसे अलग बनाता है.
हरभजन सिंह ने कहा, 'आज के युवाओं और हमारे समय के खिलाड़ियों में सबसे बड़ा अंतर सोशल मीडिया का है. पहले भी बहुत कुछ होता था, लेकिन अब हर चीज पलभर में पूरी दुनिया तक पहुंच जाती है. वैभव सूर्यवंशी आज जो कर रहा है, वैसा पहले किसी ने नहीं किया. वह अविश्वसनीय है. मुझे नहीं लगता कि मैंने अपने पूरे करियर में कभी ऐसा टैलेंट देखा है या उसके खिलाफ खेला है.'
भज्जी ने IPL के वाकये का किया जिक्र
हरभजन सिंह ने वैभव सूर्यवंशी की निडर बल्लेबाजी का उदाहरण देते हुए उनके आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) डेब्यू से पहले की एक दिलचस्प घटना भी साझा की. उन्होंने बताया कि जब राहुल द्रविड़ राजस्थान रॉयल्स (RR) के कोच थे, तब उन्होंने वैभव से पूछा था कि वह आईपीएल करियर की पहली गेंद पर क्या करेंगे.
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया में नहीं मिला मौका... अब इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेलेगा ये स्टार क्रिकेटर
हरभजन सिंह के मुताबिक, वैभव सूर्यवंशी ने बिना किसी झिझक के जवाब दिया. वैभव ने कहा था कि अगर पहली गेंद उनके रेंज में होगी तो उसपर छक्का लगाएंगे. दिलचस्प बात यह रही कि वैभव ने अपनी बात सच साबित की और आईपीएल करियर की पहली ही गेंद पर शार्दुल ठाकुर के खिलाफ शानदार छक्का जड़ दिया.
यह भी पढ़ें: हार्ड लेंथ से हमला, T20 सीरीज में जिम्बाब्वे के ये 2 गेंदबाज बढ़ाएंगे टीम इंडिया की मुसीबत, आंकड़े भी खतरनाक
इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में वैभव सूर्यवंशी बड़ी पारी नहीं खेल पाए, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने उनके आक्रामक रवैये और आत्मविश्वास को देखते हुए उन पर भरोसा बनाए रखा है. घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में उन्होंने शुरुआत से ही स्टार गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी कर अपनी अलग पहचान बनाई. यही वजह है कि शुरुआती असफलता के बावजूद चयनकर्ता और टीम प्रबंधन उन्हें भविष्य के बड़े सितारे के रूप में देख रहे हैं.
अब वैभव सूर्यवंशी के पास जिम्बाब्वे दौरे पर खुद को साबित करने का सुनहरा मौका होगा. अगर वह अपनी स्वाभाविक आक्रामक बल्लेबाजी को बड़ी पारियों में बदलने में सफल रहते हैं, तो टीम इंडिया में उनकी जगह और मजबूत हो सकती है. हरभजन सिंह जैसे दिग्गज का यह बयान साफ संकेत देता है कि भारतीय क्रिकेट को इस 15 वर्षीय बल्लेबाज से आने वाले वर्षों में काफी बड़ी उम्मीदें हैं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क