इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-7 में आज (3 अप्रैल) चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का सामना पंजाब किंग्स (PBKS) से है. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में है. मुकाबले में टॉस पंजाब किंग्स ने जीता है और पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया. चेन्नई सुपर किंग्स ने पंजाब किंग्स को जीत के लिए 210 रनों का टारगेट दिया. आयुष म्हात्रे ने शानदार 73 रन बनाए,
मौजूदा सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स को अपने पहले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) के हाथों 8 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी. वहीं पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटन्स (GT) को 3 विकेट से हराकर अपने अभियान का शानदार आगाज किया था. अब दोनों टीमों के लिए ये मुकाबला महत्वपूर्ण है. चेन्नई-पंजाब मैच से जुड़े अपडेट्स के लिए इस पेज को रिफ्रेश करते रहिए...
यह भी पढ़ें: चेन्नई-पंजाब के बीच मुकाबला जारी, यहां देखें हर गेंद का अपडेट
चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने दूसरे ही ओवर में संजू सैमसन का विकेट गंवा दिया. संजू 7 रन बनाकर तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए. यहां से कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और आयुष म्हात्रे ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 96 रनों की साझेदारी की. इस पार्टनरशिप के दौरान आयुष ने 29 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी कर ली.
लेग-स्पिनर युजवेंद्र चहल ने ऋतुराज गायकवाड़ को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया. ऋतुराज ने दो चौके की मदद से 22 गेंदों पर 28 रन बनाए. फिर सीएसके ने आयुष म्हात्रे का विकेट गंवा दिया, जो विजयकुमार वैशाक का शिकार बने. आयुष ने 43 गेंदों का सामना करते हुए 73 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और पांच छक्के शामिल थे. कार्तिक शर्मा (1 रन) कुछ खास नहीं कर पाए और उनका विकेट मार्को जानसेन ने लिया.
सरफराज खान ने कुछ बड़े शॉट्स लेकर चेन्नई सुपर किंग्स की पारी को मोमेंटम प्रदान किया. सरफराज ने 6 चौके और एक छक्के की मदद से 12 गेंदों पर 32 रन बनाए.
इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली है. दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 32 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान चेन्नई सुपर किंग्स ने 16 मुकाबले जीते. जबकि पंजाब किंग्स को भी 16 मैचों में सफलता मिली. पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच दो मुकाबले हुए थे, जिनमें पंजाब किंग्स को जीत मिली थी.
चेन्नई Vs पंजाब H2H
कुल IPL मैच: 32
चेन्नई ने जीते:16
पंजाब ने जीते: 16
पंजाब किंग्स की प्लेइंग-11: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, नेहाल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसेन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाक, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल.
चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग-11: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, नूर अहमद, अंशुल कम्बोज, मैट हेनरी और खलील अहमद.
aajtak.in